logo

गढ़वा में लोन दिलाने का झांसा देकर करोड़ों की ठगी, थाने पहुंचकर न्याय मांग रहे हैं सैकड़ों लोग!

a2625.jpg

गढ़वा:

झारखंड के गढ़वा जिले में लोन देने के नाम पर करोड़ों रुपये का फर्जीवाड़ा करने  का मामला सामने आया है। जिले के 4 प्रखंडों में  सैकड़ों लोगों से 5-6 हजार रुपये की वसूली करके कंपनी फरार हो गई। आरंभिक जानकारी के मुताबिक पीड़ितों  को 60 हजार रुपये  का लोन  दिलाने का प्रलोभन देकर वसूली की गई। भवनाथपुर थाने  में  इस मामले में 2 प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

गढ़वा जिले के 4 प्रखंडों में की गई ठगी
गौरतलब है कि उज्जवल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने 60 हजार रुपये का लोन  दिलाने के नाम पर सैकड़ों लोगों से करोडों रुपये की ठगी की।  गढ़वा जिले  के नगर उंटारी, खरौंधी,  भवनाथपुर और केतार प्रखंड में लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है।  बताया जा रहा है कि कंपनी ने आसान शर्तों पर लोन मुहैया कराने का लालच दिया। इसके बाद विभिन्न प्रक्रियाओं और फीस के नाम पर ग्रामीणों से मोटी रकम वसूली गई। पैसे जमा कराने के बाद कंपनी के प्रतिनिधि रातों-रात गायब हो गए। ग्रामीणों को जब ठगे जाने का अहसास हुआ तो वे थाने पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। 

पीड़ितों ने पुलिस से न्याय की मांग की
ठगी की जानकारी मिलते ही प्रभावित इलाकों में हड़कंप मच गया। ठगी का शिकार हुए ग्रामीणों ने पुलिस से  न्याय की गुहार लगाते हुए फर्जी कंपनी और  इसके संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें, उनका पैसा वापस दिलाया जाए। पुलिस, केस दर्ज करके मामले की छानबीन में जुटी है। 

अनुमंडल पदाधिकारी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि उज्जवल कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड नाम की कंपनी ने गांव की भोली-भाली जनता को ठगी का शिकार बना लिया। जिला प्रशासन के संज्ञान में मामला आया है। उपायुक्त को इससे अवगत कराया जाएगा।  उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कोई दोगुना पैसा देने का लालच देकर निवेश करने को कहता है तो सतर्क रहिए। कोई भी सरकारी कंपनी इतनी जल्दी रकम दोगुना करने का वादा नहीं करती। उन्होंने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।  
 

Tags - Jharkhand NewsGarhwa NewsFraudCrime News