logo

जान जोखिम में डाल नदी पार कर रहे लोग, विकास के दौर में भी अब तक नहीं बन सका पुल

ygudw.jpg

द फॉलोअप डेस्क
21वीं सदी में जहां विकास और स्मार्ट सिटी की बातें हो रही हैं वहीं झारखंड के हजारीबाग जिले से एक बेहद मार्मिक तस्वीर सामने आई है। जहां आज भी लोग जनाज़ा दफनाने के लिए नदी पार करने को मजबूर हैं। पुल न होने की वजह से ग्रामीण अपने कंधों पर शव उठाकर पानी से होकर नदी पार करते हैं।
हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के सिरमा पंचायत की ये तस्वीर दिल दहला देने वाली है। यहां के कब्रिस्तान नदी के उस पार है। लिहाजा, जनाज़ा दफनाने के लिए ग्रामीणों को हर बार नदी पार करनी पड़ती है। बरसात के दिनों में ये समस्या भी विकराल हो जाती है। तेज बहाव और फिसलन भरे रास्ते हादसों को दावत देते हैं। कई बार लोग बाल-बाल बचे हैं।
ग्रामीण बताते हैं कि "पंचायत से लेकर प्रखंड और जिला प्रशासन तक कई बार गुहार लगाई गई। लेकिन आज तक समस्या जस की तस है। लोग कई बार मांग कर चुके हैं लकिन पुल नहीं बनने से हमें नदी पार कर शव दफनाना पड़ता है। बरसात में बहुत खतरनाक हो जाता है"।
एक ओर सरकार विकास और सुगम परिवहन की योजनाओं का दावा करती है वहीं दूसरी ओर सिरमा पंचायत के लोग आज भी शव को नदी पार कर दफनाने को मजबूर हैं। सवाल यह है कि आखिर कब तक ग्रामीण ऐसे ही जान जोखिम में डालकर अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार करने पर विवश रहेंगे?

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand khabar jharkhand update hazaribagh news hazaribagh latest news