रांची
रांची जिले में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत कुल 64,628 लाभुकों को उनके आधार से लिंक बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से पेंशन राशि का भुगतान किया गया है। यह भुगतान सीधे लाभुकों के खाते में भेजा गया है, जिससे पारदर्शिता और सुविधा दोनों सुनिश्चित हो सकें।
इस योजना के तहत सबसे अधिक लाभुक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना से जुड़े हैं, जिनकी संख्या 52,653 है। इन लाभुकों को अप्रैल 2025 से मई 2025 तक की अवधि के लिए प्रति माह ₹1,000 की दर से भुगतान किया गया है। वहीं, विधवा पेंशन योजना के तहत 11,623 लाभुकों और दिव्यांग पेंशन योजना के अंतर्गत 352 लाभुकों को अप्रैल से जून 2025 तक की अवधि के लिए समान दर से राशि दी गई है।

जिन लाभुकों को पेंशन राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें सलाह दी गई है कि वे अपने बैंक खाते में आधार सीडिंग की स्थिति की जांच कर लें। इसके लिए वे अपने संबंधित प्रखंड, अंचल कार्यालय या जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग से संपर्क कर सकते हैं।
रांची जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वृद्धावस्था, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं के अंतर्गत लाभ पाने के लिए डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) बनवाना अनिवार्य है। अब तक जिले के 65,142 में से 13,497 लाभुकों ने अपना DLC बनवा लिया है। प्रशासन ने शेष लाभुकों से आग्रह किया है कि वे जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि पेंशन वितरण में कोई बाधा न आए। डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनवाने की सुविधा ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत सचिव या प्रखंड कार्यालय के माध्यम से, और शहरी क्षेत्रों में अंचल कार्यालय या जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, रांची में उपलब्ध है।
