logo

समाजसेवी और यूट्यूबर बनकर पवन घर में चला रहा था मिनी गन फैक्ट्री

समाजसेवी और यूट्यूबर बनकर पवन घर में चला रहा था मिनी गन फैक्ट्री

द फॉलोअप डेस्क, गोड्डा:

गांव में खुद को समाजसेवी और यूट्यूबर बताने वाला पवन घर के अंदर अवैध हथियार बनाने का कारोबार चल रहा था। मोहल्ले के लोगों को मशीनों की आवाज सुनाई न दे इसके लिए घर में तेज आवाज में डीजे बजाया जाता था। बिहार एसटीएफ और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोड्डा के महगामा थाना क्षेत्र के घाट बलिया गांव में इस कथित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ है। गोड्डा पुलिस ने बताया कि पवन कुमार तुरी गांव में आरटीआई एक्टिविस्ट, समाजसेवी और यूट्यूबर के तौर पर अपनी पहचान बनाए हुए था। इसी पहचान की आड़ में वह कथित तौर पर लंबे समय से हथियार बनाने का काम कर रहा था। 

आवाज को दबाने के लिए डीजे का इस्तेमाल

छापेमारी के दौरान पुलिस ने उसके घर में बने एक गुप्त कमरे का पता लगाया। कमरे तक पहुंचने के लिए जेसीबी की मदद से निर्माण को तोड़ा गया, जिसके बाद अंदर हथियार बनाने से जुड़ी कई मशीनें और सामान बरामद होने का दावा किया गया है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पवन के घर में अक्सर तेज आवाज में गाने बजते थे। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि लेथ और ड्रिल मशीनों की आवाज को दबाने के लिए डीजे का इस्तेमाल किया जाता था। बताया जाता है कि लोगों को यह कहकर भी गुमराह किया जाता था कि घर में पत्तल बनाने की मशीन लगी है।

चार-पांच वर्षों से चल रहा था अवैध हथियार का कारोबार 

एसटीएफ ने कहा कि यह अवैध कारोबार पिछले चार-पांच वर्षों से चल रहा था। यहां करीब आठ मजदूर काम करते थे और हर महीने बड़ी संख्या में हथियार तैयार किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का दावा है कि इन हथियारों की सप्लाई बिहार के कई जिलों तक की जाती थी। करीब चार घंटे चली कार्रवाई में एक लोडेड राइफल, कारतूस, पिस्टल, अर्धनिर्मित पिस्टल, लोहे के फ्रेम और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें बरामद की गई हैं। 

बरामद सामान को थाने ले जाने के लिए पुलिस को ट्रैक्टर और पिकअप की मदद लेनी पड़ी। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्य आरोपी पवन कुमार तुरी के फरार होने की बात कही जा रही है। पुलिस ने उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल एसटीएफ और स्थानीय पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
 

Tags - Pawan Kumar Turi Mini Gun Factory Godda News Illegal Arms Factory