द फॉलोअप डेस्क
सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल मरीजों का अब रांची के सदर अस्पताल में भी इलाज किया जा सकेगा। क्योंकि, यहां पहली बार क्रिटिकल केयर यूनिट की शुरुआत यहां शुक्रवार से की गई है। नए भवन के छठे तल्ले पर इस यूनिट के शुरू हो जाने से गंभीर रूप से घायल हुए मरीजों का बेहतर उपचार किया जा सकेगा। साथ ही हृदय रोग से संबंधित मरीजों को भी इलाज की सुविधा मिलेगी। इसके शुरुआत के दौरान शुक्रवार को सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनिल कुमार खेतान, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शशि भूषण खलखो, डॉ. विमलेश कुमार, डॉ. अखिलेश झा के अलावा अस्पताल के चिकित्सा व कर्मचारी उपस्थित थे।

हर बेड पर ऑक्सीजन की मिलेगी सुविधा
इसी क्रिटिकल केयर यूनिट में 20 बेड वाले क्रिटिकल केयर यूनिट में हर बेड पर ऑक्सीजन की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा मॉनिटर, बाई पैप और वेंटिलेटर की भी सुविधा होगी। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस इन मशीनों से मरीजों की जान बचने की उम्मीद बढ़ जाएगी।

डायलिसिस यूनिट भी छठे तल्ले में हुआ शिफ्ट
सदर अस्पताल के पुराने बिल्डिंग (बिरला वार्ड) में पूर्व से संचालित डायलिसिस यूनिट को भी छठे तल्ले पर शिफ्ट किया गया है। इससे किडनी से संबंधित मरीजों को इलाज में राहत मिलेगी। मालूम हो कि सेंट्रलाइज वातानुकूलित, लिफ्ट और पेयजल की व्यवस्था के साथ मरीजों को यहां बेहतर उपचार हो सकेगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/IgMHnUDDYLBDxlPX7oOXWz