logo

पासवा का 14वां प्रतिभा सम्मान समारोह, झारखंड के हजारों विद्यार्थी होंगे सम्मानित

paswa2.jpg

रांची 

प्राइवेट स्कूल्स एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (पासवा) द्वारा आयोजित 14वें ऐतिहासिक छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह की तैयारियाँ अंतिम चरण में पहुँच चुकी हैं। आगामी 6 जुलाई को राजधानी रांची स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित इस भव्य समारोह में 20,000 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने झारखंड के उच्च शिक्षा एवं शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू और जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री हफीजुल हसन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया। इस कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले विशिष्ट अतिथियों के विषय में जानकारी देते हुए पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दुबे ने बताया कि झारखंड के उच्च शिक्षा एवं शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्घघाटन करेंगे। वहीं झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री हफीजुल हसन भी मौजूद रहेंगे।  कार्यक्रम के बतौर मुख्य अतिथि एवं पासवा के संरक्षक पूर्व वित्त मंत्री और वर्तमान में लोहरदगा विधायक डॉ रामेश्वर उरांव शामिल होंगे।

पासवा का छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह पिछले 14 वर्षों से

इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए आलोक कुमार दुबे ने बताया कि समारोह में जैक, सीबीएसई एवं आईसीएसई बोर्ड के 10वीं एवं 12वीं के ऐसे विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। जिन्होंने 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण का एक जनआंदोलन बन चुका है। समारोह में राज्य के विभिन्न विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राएँ अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बनाएंगे। इसके लिए विद्यालयों द्वारा बड़े पैमाने पर पंजीकरण कराया जा रहा है। पासवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जिन विद्यार्थियों ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे शीघ्र अपना रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें, ताकि सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया जा सके। विद्यालयों के माध्यम से सामूहिक पंजीकरण के साथ-साथ विद्यार्थी व्यक्तिगत रूप से भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पासवा का छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह पिछले 14 वर्षों से लगातार विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करता आ रहा है और आज यह झारखंड के सबसे बड़े छात्र सम्मान आयोजनों में अपनी अलग पहचान बना चुका है। इस वर्ष भी रिकॉर्ड संख्या में विद्यार्थियों के शामिल होने की संभावना है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की दिशा में सभी तैयारियाँ लगभग पूरी कर ली गई हैं। पासवा ने राज्य के सभी मेधावी विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में इस ऐतिहासिक आयोजन का हिस्सा बनें और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाएँ।

शिक्षा और प्रतिभा के सम्मान का एक महत्वपूर्ण मंच

पासवा द्वारा 6 जुलाई को आयोजित होने वाले छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह को ऐतिहासिक एवं सफल बनाने के उद्देश्य से पासवा वॉलिंटियर्स की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन की सभी व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा करते हुए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में विद्यार्थियों के बैठने की व्यवस्था, अतिथियों एवं 250 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्यों के लिए विशेष व्यवस्था, पंजीकरण, स्वागत, मंच संचालन, भोजन प्रबंधन, मैनेजमेंट, सांस्कृतिक कार्यक्रम, अनुशासन एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दायित्व निर्धारित किए गए। सभी वॉलिंटियर्स से पूरी निष्ठा, अनुशासन और टीम भावना के साथ कार्य करते हुए समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया गया। इस दौरान बताया गया कि समारोह में 250 से अधिक विद्यालयों के प्राचार्य उपस्थित रहेंगे तथा राज्य के विभिन्न विद्यालयों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां भी शामिल होंगी। बैठक में कहा गया कि छात्र प्रतिभा सम्मान समारोह का उद्देश्य केवल मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना, विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करना तथा समाज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं को प्रेरणा के रूप में स्थापित करना है। पासवा का यह आयोजन शिक्षा और प्रतिभा के सम्मान का एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

Tags - PASWA 14th PASWA ceremony Jharkhand school students felicitation student recognition program India