द फॉलोअप डेस्क
परिमल नाथवानी नामांकन दाखिल करने से पहले भाजपा विधायक नवीन जायसवाल के आवास पहुंचे। वह थोड़ी देर पहले बीएमडब्ल्यू कार से उनके घर पहुंचे, जहां नवीन जायसवाल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। आवास परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।नाथवानी थोड़ी देर में झारखंड विधानसभा पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले वह भाजपा कार्यालय भी गए थे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ उन्होंने नामांकन प्रक्रिया और चुनावी रणनीति को लेकर राय-मशविरा किया। भाजपा कार्यालय में उनकी मौजूदगी के साथ ही राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर चल रही तमाम अटकलों और कयासों पर लगभग विराम लग गया।

विधानसभा परिसर में हलचल तेज
इधर, नामांकन के अंतिम दिन विधानसभा परिसर में भी राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है। विभिन्न दलों के विधायक, मंत्री और वरिष्ठ नेता लगातार विधानसभा पहुंच रहे हैं। राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल बनी हुई है। गौरतलब है कि झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को मतदान होगा। नामांकन के अंतिम दिन सभी दल अपनी राजनीतिक ताकत और एकजुटता का प्रदर्शन करते नजर आ रहे हैं।