logo

पारा लॉन बाउल राष्ट्रीय प्रतियोगिता-2026 में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, रजत व कांस्य पदक जीते

p_BALL1.JPG

द फॉलोअप डेस्क 

असम के गुवाहाटी स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, सरूसजाई में 25 से 28 मार्च तक आयोजित पारा लॉन बाउल राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रौशन किया। इस प्रतियोगिता का आयोजन पारा इंडियन लॉन बॉल फेडरेशन के तत्वावधान में असम पारा लॉन बॉल द्वारा किया गया था। प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से पवन लकड़ा, मुकेश कंचन और अनिता तिर्की ने भाग लिया। पवन लकड़ा ने B6 कैटेगरी के एकल मुकाबले में मध्य प्रदेश के साथ ड्रॉ खेला और दिल्ली के खिलाफ जीत दर्ज कर कांस्य पदक हासिल किया। मुकेश कंचन ने B7 कैटेगरी के एकल मुकाबले में दिल्ली और उत्तराखंड को हराकर कांस्य पदक जीता।

अनिता तिर्की ने B8 कैटेगरी में उत्तराखंड को हराकर और दिल्ली से मुकाबला हारकर रजत पदक अपने नाम किया। इसके अलावा, B7 कैटेगरी के डबल्स मुकाबले में मुकेश कंचन और पवन लकड़ा की जोड़ी ने असम और मध्य प्रदेश को हराकर रजत पदक जीता। इस उपलब्धि पर पैरालंपिक कमिटी झारखंड के अध्यक्ष जटा शंकर सहित झारखंड लॉन बॉलिंग फेडरेशन के डॉ. मधुकांत पाठक, राहुल मेहता और सरिता सिन्हा ने खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Tags - Assam Guwahati Arjun Bhogeshwar Baruah Sports Complex Sarusjai Para Lawn Bowl National Championship 2026 Jharkhand players outstanding performance Para Indian Lawn Ball Federation