द फॉलोअप डेस्क
बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। अभिनेता के भाई विजेंद्र नाथ तिवारी पर गोपालगंज जिले में जानलेवा हमला किया गया है। गंभीर रूप से घायल विजेंद्र नाथ तिवारी का इलाज पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में चल रहा है। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। जानकारी के अनुसार गोपालगंज जिले के बरौली और माधोपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलसंड गांव में रविवार देर शाम यह घटना हुई। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को हमले की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के दरवाजे पर बैठे हुए थे, तभी कुछ लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपियों ने पीछे से कुल्हाड़ी और अन्य धारदार हथियारों से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़े।

घटना के बाद मची अफरा-तफरी, पटना रेफर
हमले के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोर सुनकर स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर हमलावर फरार हो गए। इसके बाद घायल विजेंद्र नाथ तिवारी को तत्काल गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। फिलहाल उनका इलाज जारी है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हैं।

जमीन विवाद को लेकर हुआ हमला : एसडीपीओ
सदर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि पूर्व से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। विजेंद्र नाथ तिवारी अपने घर के पास मिट्टी भरवा रहे थे, तभी आरोपियों ने पीछे से कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही मुख्य आरोपी समेत घटना में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।