सरायकेला-खरसावां:
सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत इस्लामनगर वार्ड नंबर-5 मजार लाइन के पास मंगलवार दोपहर रंगदारी को लेकर हुई फायरिंग की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना में ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-20 निवासी अफसर नवाज़ घायल हो गए। घायल अफसर नवाज़ ने बताया कि वह वार्ड नंबर-5 स्थित अपनी जमीन पर निर्माण कार्य करवा रहे थे। यह ज़मीन उनकी खुद की रजिस्ट्री ज़मीन है । वह हार्डवेयर दुकान किसी काम से गए हुए थे, इसी दौरान उन्हें फोन पर सूचना मिली कि कुछ युवक जमीन पर पहुंचकर रंगदारी की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद वह तुरंत मौके पर पहुंचे।

अज्ञात युवकों ने काम बंद करने की चेतावनी दी
अफसर नवाज़ के अनुसार, कुछ युवकों ने कथित तौर पर रंगदारी देने या फिर जमीन पर काम बंद करने को कहा। विरोध करने पर एक युवक ने हथियार निकालकर फायरिंग कर दी। आरोप है कि कुछ युवक सुबह से रेकी कर रहे थे। अफसर नवाज़ का आरोप है कि फायरिंग के दौरान एक गोली उनके दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरी गोली सिर को छूते हुए निकल गई। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से 2 खोखा मिला है।

पुलिस पदाधिकारी ने केस की छानबीन की बात कही
कपाली ओपी प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल घटना के पीछे की असली वजह को लेकर पुलिस तहकीकात कर रही है, हर पहलुओं पर जांच के बाद ही घटना के असली कारणों का खुलासा हो पाएगी आखिर किस कारण से दिन के उजाले में इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया।
आए दिन हो रही इस तरह की घटना से लोगो में भय का माहौल है। गौरतलब है कि कुछ दिनों से लगातार कपाली क्षेत्र में मर्डर, चापड़ाबाजी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है।