रामगढ़
जिले में अपराध की बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश को पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पाण्डेय गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
SIT का गठन कर आरोपियों खदेड़कर पकड़ा
पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि दो युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामगढ़ थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया और सभी थाना व ओपी प्रभारियों को एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। इसी दौरान अरगड्डा स्थित जीएम ऑफिस की ओर से आ रही काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। लेकिन दोनों भागने की कोशिश करने लगे, जिन्हें तत्परता दिखाते हुए पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।
आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पाण्डेय गिरोह के लिए काम करते हैं
पकड़े गए आरोपियों ने अपना नाम बादल कुमार और सोनू नंदी बताया। तलाशी के दौरान बादल कुमार के पास से एक देशी पिस्टल (बिना मैगजीन) और 9 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं सोनू नंदी के पास से एक देशी पिस्टल और 9 एमएम का एक जिंदा कारतूस मिला। इसके अलावा दोनों के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और एक पल्सर मोटरसाइकिल (JH-01AM-4316) भी जब्त की गई।पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पाण्डेय गिरोह के लिए काम करते हैं और गिरोह के निर्देश पर जिले के संवेदकों, व्यवसायियों और डीओ होल्डरों से पिस्टल का भय दिखाकर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। इसी मकसद से वे इलाके में घूम रहे थे।