logo

पंचधाम मंदिर में मां काली के सोने-चांदी के आभूषण चोरी, प्रतिमा को पहुंचाया नुकसान

Screenshot_2026-07-26_152544.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा से सटे पश्चिम बंगाल के रूपनारायणपुर पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध पंचधाम मंदिर में शनिवार देर रात बेखौफ चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने मां काली मंदिर से सोने-चांदी के बहुमूल्य आभूषण चोरी कर लिए। चोरी के दौरान मां काली की प्रतिमा को भी क्षति पहुंचाई गई, जिससे श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है और जल्द मामले के खुलासे का दावा कर रही है।
ताला और लोहे की जंजीर काटकर मंदिर में घुसे चोर
मंदिर समिति और स्थानीय लोगों के अनुसार, चोरों ने देर रात मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने के साथ लोहे की जंजीर काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद उन्होंने मां काली की प्रतिमा पर सुशोभित सोने की आंखें, सोने की जीभ, चांदी का मुकुट, चांदी की चूड़ियां तथा अन्य कीमती आभूषण और पूजन सामग्री चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी और स्थानीय श्रद्धालु पूजा के लिए पहुंचे तो चोरी की जानकारी मिली। मंदिर के भीतर का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चोरों ने प्रतिमा से मुकुट और आभूषण निकालने के दौरान इतनी बर्बरता दिखाई कि मां काली की प्रतिमा के केश बिखर गए और प्रतिमा को भी नुकसान पहुंचा। यह दृश्य देखकर कई श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। 
आस्था का प्रमुख केंद्र है पंचधाम मंदिर
हिंदुस्तान केबल्स जलाशय (एचसीएल पोंड) के समीप स्थित पंचधाम मंदिर पूरे क्षेत्र के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। सुबह से लेकर शाम तक नियमित रूप से पूजा और आरती होती है। ऐसे प्रतिष्ठित धार्मिक स्थल में चोरी की घटना से लोगों में गहरा रोष व्याप्त है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने तथा धार्मिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए होते तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। 
पुलिस जांच में जुटी, जल्द खुलासे का दावा
घटना की सूचना मिलते ही सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा विभिन्न पहलुओं पर जांच जारी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर चोरी गए आभूषण बरामद किए जाएंगे।

Tags - Jamtara News West Bengal News Temple Theft Crime News Panchdham Temple