logo

पलायन की पीड़ा: अबू धाबी में हादसे का शिकार हुआ गिरिडीह का युवक, घर पर मातम सा माहौल 

giridih_pravasi.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

गिरिडीह जिले के डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत अंबाडीह गांव के निवासी तिलक महतो के 26 वर्षीय पुत्र राकेश महतो के साथ अबू धाबी (विदेश) में हुई एक गंभीर घटना ने पूरे परिवार को चिंता और सदमे में डाल दिया है। राकेश महतो रोजगार की तलाश में अगस्त 2025 में अबू धाबी गए थे, जहां वे KEC कंपनी में कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि 23 फरवरी 2026 को काम के दौरान राकेश महतो अचानक छत से गिर गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। फिलहाल उनका इलाज अबू धाबी के एक अस्पताल में चल रहा है। हालांकि, परिवार का आरोप है कि कंपनी की ओर से उनके स्वास्थ्य और घटना की परिस्थितियों को लेकर स्पष्ट और सही जानकारी नहीं दी जा रही है। इस वजह से परिवार को किसी अप्रिय घटना की आशंका सता रही है।

राकेश के घर का माहौल बेहद मार्मिक है। उनकी पत्नी रीना देवी, जो सात माह की मासूम बेटी रिया कुमारी की मां हैं, पति की हालत को लेकर बेहद चिंतित हैं। उन्हें अपने बच्चे के भविष्य की भी गहरी चिंता सता रही है। वहीं, राकेश की मां केसिया देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा कि अगर उनके बेटे को कुछ हो गया तो बहू और पोती का जीवन कैसे चलेगा। बुजुर्ग माता-पिता अपने बेटे की याद में दिन-रात आंसू बहा रहे हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी बेहद कमजोर हो चुकी है, यहां तक कि दो वक्त की रोटी जुटाना भी मुश्किल हो गया है। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रवासी मजदूरों के हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली, अभिभावक एकता मंच के अध्यक्ष रामेश्वर महतो के साथ पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। उन्होंने परिवार को हर संभव सहायता और न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

सिकंदर अली ने इस घटना को झारखंड के युवाओं के पलायन की गंभीर समस्या से जोड़ते हुए कहा कि यह कोई पहली घटना नहीं है। राज्य के हजारों युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों और देशों में जाने को मजबूर हैं, जहां वे असुरक्षित परिस्थितियों में काम करते हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि झारखंड में ही रोजगार के पर्याप्त और ठोस अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि युवाओं को अपना घर-परिवार छोड़कर दूर देशों में जोखिम उठाकर काम करने के लिए मजबूर न होना पड़े। यह घटना एक बार फिर इस सवाल को खड़ा करती है कि आखिर कब तक झारखंड के युवा बेहतर भविष्य की तलाश में पलायन करते रहेंगे और कब राज्य में ऐसी व्यवस्था बनेगी कि उन्हें अपने ही घर में सम्मानजनक रोजगार मिल सके।

Tags - Rakesh Mahto Giridih Jharkhand Dumri police station Ambadih village Abu Dhabi accident KEC company worker migrant labor India overseas employment construction accident fall from roof critical condition hospitalized in Abu Dhabi family concern