द फॉलोअप डेस्क
रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय, मेयर्स रोड, रांची परिसर में शुक्रवार को जेएसएलपीएस के अंतर्गत ‘पलाश दीदी कैफे’ की शुरुआत की गई। इसका उद्घाटन झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पाण्डेय सिंह ने किया। यह कैफे ग्रामीण महिलाओं को आजीविका का नया अवसर देने के साथ-साथ विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वादिष्ट, पौष्टिक और किफायती भोजन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

मंत्री ने कैफे का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद दीपिका पाण्डेय सिंह ने कैफे का निरीक्षण किया और इसे संचालित करने वाली सखी मंडल की दीदियों से बातचीत की। उन्होंने कैफे के संचालन, भोजन की तैयारी और दीदियों के अनुभवों के बारे में जानकारी ली। साथ ही उन्हें बेहतर तरीके से कैफे संचालित करने के लिए प्रोत्साहित किया। दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि ‘पलाश दीदी कैफे’ केवल भोजन उपलब्ध कराने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण महिलाओं के लिए सम्मानजनक आजीविका और आत्मनिर्भरता का नया अवसर है। सखी मंडल की महिलाएं अपने हुनर और मेहनत के जरिए न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि झारखंड के पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय स्वाद को भी नई पहचान दे रही हैं।

स्थानीय व्यंजनों के साथ फास्ट फूड भी उपलब्ध
कैफे का संचालन रांची जिले के मांडर प्रखंड अंतर्गत ब्राम्बे की ‘सरना सखी मंडल’ की करीब 10 दीदियां करेंगी। कैफे में स्थानीय और पारंपरिक व्यंजनों के साथ विभिन्न प्रकार के स्नैक्स भी उपलब्ध होंगे। इनमें रागी/मड़ुआ पिठा, धुस्का, चिल्का, दाल पिठा, मड़ुआ चिल्का, धुम्बू, गुटुगुला जैसे पारंपरिक व्यंजन शामिल हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों की पसंद को ध्यान में रखते हुए रोल, चाउमिन, बर्गर, सैंडविच, फ्रेंच फ्राइज, सूप और मोजिटो भी उपलब्ध होंगे।