logo

सिमडेगा में 'पलाश दीदी कैफे' का शुभारंभ, झारखंडी पारंपरिक स्वाद को मिला नया मंच

palash.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा जिला व्यवहार न्यायालय परिसर में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसायटी (JSLPS) की ओर से “पलाश दीदी कैफे” का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कैफे का उद्घाटन प्रधान जिला जज राजीव कुमार सिन्हा, उपायुक्त कंचन सिंह, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश नरंजन सिंह, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निताशा बरला, डालसा सचिव मरियम हेमरम और प्रभारी न्यायाधीश सुभाष बाड़ा ने संयुक्त रूप से रिबन काटकर किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने गायत्री स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा तैयार किए गए रागी के व्यंजन, छिलका रोटी, चावल के आटे से बने पीठा और अन्य 'झार-आहार' (पारंपरिक जनजातीय व्यंजनों) का स्वाद लिया। सभी ने खाने की गुणवत्ता और स्वाद की जमकर सराहना की। गौरतलब है कि कैफे का संचालन करने वाली राधा देवी ने IHM ब्राम्बे से विशेष प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
उद्घाटन के दौरान बताया गया कि पलाश दीदी कैफे के माध्यम से स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका का सशक्त माध्यम मिलेगा। साथ ही, न्यायालय परिसर आने वाले लोगों को स्वच्छ, पौष्टिक और पारंपरिक झारखंडी व्यंजन उपलब्ध होंगे। उपायुक्त कंचन सिंह ने कैफेटेरिया में उपलब्ध सभी व्यंजनों की सूची और रेट चार्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष रमेश कुमार श्रीवास्तव, जेएसएलपीएस की डीपीएम शांति मार्डी सहित कई न्यायिक पदाधिकारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
 

Tags - jharkhand news jharkhand khabar jharkhand latest news simdega news simdega khabar simdega update JSLPS palash didi cafe news