logo

पलामू में रहस्यमय बीमारी का कहर, पिता-पुत्री की मौत; परिवार के 4 सदस्य गंभीर

जोूोल.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पड़वा प्रखंड स्थित सिक्का गांव में एक रहस्यमय बीमारी ने पूरे परिवार को अपनी चपेट में ले लिया है। इस बीमारी से पिता और पुत्री की मौत हो गई है, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी बीमार सदस्यों को बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है और विशेषज्ञों की टीम को गांव भेजा गया है। विभाग बीमारी और मौत के वास्तविक कारणों की जांच में जुट गया है। जानकारी के अनुसार सिक्का गांव निवासी कुलदीप महतो और उनकी बेटी बबीता कुमारी को शरीर में असामान्य सूजन की शिकायत के बाद मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान शुक्रवार देर रात कुलदीप महतो की मौत हो गई, जबकि शनिवार सुबह उनकी बेटी बबीता कुमारी ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और चिंता का माहौल है।

परिवार के चार अन्य सदस्य भी बीमार

मृतक कुलदीप महतो के परिवार के अन्य सदस्य भी इसी तरह की बीमारी से जूझ रहे हैं। उनकी पत्नी लाखो देवी, बहू स्वेता देवी, बेटा नकुल महतो और एक अन्य बेटी की तबीयत भी गंभीर बताई जा रही है। सभी को शरीर में सूजन की शिकायत है। स्थानीय ग्रामीणों और रिश्तेदारों की मदद से उन्हें इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है। एक ही परिवार के कई सदस्यों के एक साथ बीमार पड़ने से बीमारी के कारणों को लेकर तरह-तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग और डॉक्टरों की नजर जांच रिपोर्ट पर

पाटन के चिकित्सा प्रभारी डॉ. श्रवण मेहता ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है, जिसके बाद डॉक्टरों की टीम को गांव भेजा गया है। वहीं एमएमसीएच के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.के. रंजन ने बताया कि दोनों मरीजों को शुक्रवार को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया था और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स रेफर किया जा रहा था, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे। उन्होंने बताया कि दोनों के शरीर में काफी सूजन थी और प्रारंभिक तौर पर खान-पान से जुड़ी किसी गड़बड़ी की आशंका जताई जा रही है। डॉक्टरों ने आवश्यक जांच कराने की सलाह दी थी, लेकिन जांच नहीं कराई गई। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच रिपोर्ट और चिकित्सकीय परीक्षण के बाद ही बीमारी और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Tags - Palamu Jharkhand Health MMCH RIMS