logo

पलामू में कंस्ट्रक्शन साइट पर राहुल दुबे गैंग ने की फायरिंग, 2 मजदूर को लगी गोली

ुदतग29.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे कंस्ट्रक्शन साइट पर गुरुवार देर रात करीब दो बजे के बाद अपराधियों ने फायरिंग कर दी। घटना में दो मजदूर अजय हांसदा और संजय हांसदा गोली लगने से घायल हो गए। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले हैं। अजय के पैर में जबकि संजय के पेट में गोली लगी है। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई है। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखा बरामद किया है। साथ ही राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा भी पुलिस के हाथ लगा है। बताया जा रहा है कि देर रात बाइक पर सवार दो अपराधी कंस्ट्रक्शन साइट पर पहुंचे और फायरिंग करने के बाद फरार हो गए। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच कर रही है।


नेशनल हाईवे 139 के फोरलेन का चल रहा है काम
सतबरवा इलाके में नेशनल हाईवे 139 के फोरलेन का निर्माण कार्य चल रहा है। रजडेरवा में नेशनल हाईवे पर फ्लाईओवर का निर्माण कराया गया है, जिसके ऊपर मजदूरों के रहने के लिए अस्थायी कैंप बनाया गया है। इसी कैंप को निशाना बनाकर फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया। एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
 

Tags - Palamu Satbarwa Rahul Dubey Gang Firing Crime News Jharkhand News Palamu Police National Highway Construction Site