logo

पलामू रूट की 14 पैसेंजर ट्रेनें रद्द, 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला

ीददू.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू होकर यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। भारतीय रेलवे ने रविवार रात एक अधिसूचना जारी कर 22 जून से 28 जून तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव की जानकारी दी है। रेलवे के अनुसार सोन नगर से पतरातू रेलखंड के बीच तीसरी रेल लाइन के निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने के लिए 14 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है, जबकि 16 एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। इस निर्णय का असर पलामू समेत आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों पर पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सोन नगर-पतरातू सेक्शन में थर्ड लाइन निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में छिपादोहर और मंगरा रेलवे स्टेशन के बीच नई लाइन को मुख्य रेल नेटवर्क से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द और डायवर्ट किया गया है। रेलवे का कहना है कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद इस रेलखंड में ट्रेनों की आवाजाही और माल परिवहन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

16 एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग बदला गया

22 जून से 27 जून तक विशाखापट्टनम-वाराणसी एक्सप्रेस, धनबाद-भोपाल एक्सप्रेस, हटिया-नई दिल्ली गरीब रथ एक्सप्रेस, टाटा-जम्मूतवी एक्सप्रेस, संबलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-हावड़ा एक्सप्रेस, जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस, रांची-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, जम्मूतवी-टाटा एक्सप्रेस, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस, आनंद विहार-हटिया एक्सप्रेस, वाराणसी-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस, भोपाल-धनबाद एक्सप्रेस, हावड़ा-जबलपुर शक्तिपुंज एक्सप्रेस तथा वाराणसी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस समेत कुल 16 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इन ट्रेनों को गढ़वा रोड, डेहरी ऑन सोन, बरकाकाना और चोपन मार्ग से संचालित किया जाएगा।

14 पैसेंजर ट्रेनें रहेंगी रद्द

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार 14 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन अस्थायी रूप से बंद रहेगा। पलामू क्षेत्र की लाइफलाइन मानी जाने वाली रांची-सासाराम एक्सप्रेस 23 जून से 27 जून तक रद्द रहेगी। इसके अलावा बरकाकाना-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर, बरवाडीह-डेहरी ऑन सोन पैसेंजर, बरवाडीह-चोपन पैसेंजर, गोमो-बरवाडीह पैसेंजर, डेहरी ऑन सोन-बरवाडीह पैसेंजर, बरकाकाना-वाराणसी पैसेंजर सहित कई अन्य स्थानीय ट्रेनों का परिचालन भी निर्धारित अवधि तक बंद रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।

Tags - Railways Palamu Jharkhand Train Update Transport