logo

पलामू में डेढ़ करोड़ का गांजा बरामद, ट्रक के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था तस्कर

WhatsApp_Image_2026-07-26_at_3_29_03_PM.jpeg

पलामू
पलामू पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
एसपी के निर्देश पर गठित की गई थी विशेष टीम
जानकारी के अनुसार, 25 जुलाई की रात पलामू के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश नंबर का एक ट्रक जपला की ओर से छतरपुर की तरफ जा रहा है। ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा छिपाकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ हुसैनाबाद के नेतृत्व में हुसैनाबाद थाना पुलिस और सशस्त्र बल की एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने जपला-छतरपुर मुख्य मार्ग पर महुडरिया के पास वाहन जांच अभियान शुरू किया। 
ट्रक के विशेष चेंबर से मिली गांजे की खेप
वाहन जांच के दौरान पुलिस ने संदिग्ध ट्रक संख्या UP-14 FT-6583 को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक में बनाए गए एक विशेष चेंबर से प्लास्टिक की 10 बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक, बरामद गांजे का वजन करीब 320 किलोग्राम है। गांजा और ट्रक दोनों को जब्त कर लिया गया है। 
चालक गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बताया कि एफएसएल की प्रारंभिक जांच में बरामद पदार्थ गांजा पाया गया है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में ट्रक चालक राजेश यादव (45 वर्ष), निवासी मदनपुर, थाना छतरपुर, जिला पलामू को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 167/26 के तहत NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C) और 25/29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

Tags - Palamu Hussainabad Jharkhand Police Ganja Seizure Crime News