logo

एक्शन मोड में पलामू पुलिस, हत्या, लूट और फायरिंग के कई आरोपी गिरफ्तार

palamu_police_action_mode.jpg

ख़ुशी ठाकुर/पलामू
पलामू पुलिस एक्शन मोड में है. हत्या, फायरिंग, लूट और अवैध हथियार से जुड़े मामलों में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पलामू एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर जिलेभर में लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. चैनपुर थाना क्षेत्र में एनुल खलीफा के आवेदन पर दर्ज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सैफ खलीफा को गिरफ्तार किया. तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा और एक खोखा बरामद किया गया. पूछताछ में आरोपी ने इसी हथियार से घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है. अवैध हथियार रखने के आरोप में सैफ खलीफा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

राजमनी पाठक हत्याकांड का खुलासा
पिपराटांड थाना क्षेत्र के करमा गांव में राजमनी पाठक हत्या मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी बिरेन्द्र कुमार सिंह उर्फ गुड्डू सिंह को गिरफ्तार किया है. मृतक की पत्नी पूनम देवी के आवेदन पर दर्ज कांड में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी और पीले रंग का थैला बरामद किया गया है. पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी में जुटी है. 
जवान को गोली मारने वाला भी गिरफ्तार
इधर, लातेहार जिला बल के जवान पवन सिंह को गोली मारने के मामले में भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आरोपी ऋषभ सिंह को रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई, जहां उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई 7.65 एमएम की देशी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई. साथ ही घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल भी शाहपुर क्षेत्र से बरामद की गई है. पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है.
लूटकांड का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार
उधर, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में महिला से लूटपाट के मामले का भी पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने तीन आरोपियों असतफाक आलम, मो. इरफान उर्फ सोनू और नाजिल आलम को हिरासत में लेकर पूछताछ की. तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है. उनकी निशानदेही पर लूटा गया सोने का मंगलसूत्र का लॉकेट, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. पलामू पुलिस की लगातार कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है. एसपी कपिल चौधरी के निर्देश पर जिलेभर में विशेष छापेमारी अभियान जारी है.



 

Tags - Palamu police action Kapil Chaudhary SP Palamu crime news Palamu Palamu district crime update