द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में शनिवार देर रात मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है। बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। मृतक की पहचान मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। वह घर का इकलौता बेटा था और ड्राइवर का काम करता था। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात गांव में खड़े एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी और शक के आधार पर उसे पकड़ लिया गया।

देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। युवक को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से जमकर पिटाई की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक रहम की गुहार लगाता रहा, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर गंभीर चोट के कई निशान पाए गए हैं।
.jpeg)
पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में कैंप कर शांति व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।