द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया है। मामले को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से पाटन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। दरअसल, राज्य में JPSC और JSSC की कथित धांधली को लेकर छात्रों का आंदोलन चल रहा है। इसी बीच पलामू में फेसबुक के एक पेज पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ कथित तौर पर अमर्यादित टिप्पणी और गाली लिखे जाने के बाद JMM नेताओं ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद JMM के प्रखंड अध्यक्ष उमा शंकर सिंह और सचिव रंजीत सिंह ने पाटन थाना में आवेदन देकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले विजय विश्वकर्मा के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की।
.jpeg)
विजय विश्वकर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR
आवेदन मिलने के बाद पाटन थाना पुलिस ने विजय विश्वकर्मा नामक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब सोशल मीडिया पर किए गए पोस्ट और उससे जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। इस संबंध में सदर एसडीपीओ राजेश यादव ने बताया कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस पूरे मामले में आगे की अनुसंधान कर रही है। सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी और गाली को लेकर यह कार्रवाई की गई है।