द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में सोमवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई। चचेरे चाचा अनिल बैठा ने अपने ही 13 वर्षीय भतीजे रोशन बैठा की चाकू से गोदकर और गला दबाकर हत्या कर दी। इस वारदात से पूरे गांव में सनसनी फैल गई। मृतक रोशन साधु बैठा का इकलौता पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर आरोपी को घटनास्थल से करीब पांच किलोमीटर दूर कुमनी जंगल से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल बैठा के बेटे की करीब एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। इसके बाद से उसे संदेह था कि रोशन की दादी समुद्री देवी ने जादू-टोना कर उसके बेटे की जान ले ली थी। इसी अंधविश्वास और शक के कारण उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे जब रोशन घर के पास खेल रहा था, तभी अनिल उसे पकड़कर घर से करीब 500 मीटर दूर खेत की ओर ले गया। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए अपने चेहरे को कपड़े से ढंक रखा था।

चाकू से कई वार कर गला दबाया, ग्रामीणों ने देखी वारदात
खेत में ले जाने के बाद आरोपी ने रोशन के पेट और पीठ पर चाकू से कई वार किए और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को कई ग्रामीणों ने देखा और तुरंत इसकी सूचना परिजनों को दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डीएसपी राजेश यादव और चैनपुर थाना के अवर निरीक्षक बाबूलाल दुबे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया।

जंगल से दबोचा गया आरोपी, जांच जारी
थाना प्रभारी लाल जी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की। इसी दौरान पुलिस ने कुमनी जंगल से अनिल बैठा को गिरफ्तार कर लिया, जहां वह छिपा हुआ था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे अंधविश्वास और जादू-टोना का शक सामने आया है।