पलामू
पलामू के बहुचर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इस मामले में फरार चल रहे एक और आरोपी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है और जमीन कारोबार को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश को हत्या की वजह बताया है। पलामू के चर्चित विनीत तिवारी हत्याकांड में पुलिस लगातार आरोपियों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में शहर थाना कांड संख्या 141/2026 के फरार आरोपी प्रशांत तिवारी को पलामू पुलिस की विशेष टीम ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है।

मोबाइल और एक एटीएम कार्ड बरामद
गिरफ्तार आरोपी की पहचान प्रशांत तिवारी (26 वर्ष), पिता कौशल किशोर तिवारी, निवासी बड़कागांव, थाना सदर, जिला पलामू के रूप में हुई है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल और एक एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि यह पूरा घटनाक्रम जमीन के कारोबार को लेकर चली आ रही पुरानी रंजिश का परिणाम था। प्रारंभिक जांच के अनुसार, दिलीप तिवारी भी जमीन के कारोबार से जुड़े थे और इसी विवाद के कारण प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल तथा उसके सहयोगियों ने मिलकर विनीत तिवारी की हत्या की साजिश रची थी।

वारदात में चार लोगों की भूमिका सामने आई है
पुलिस जांच में अब तक सामने आया है कि इस वारदात में चार लोगों की भूमिका सामने आई है। इनमें प्रदीप तिवारी उर्फ महाकाल, राकेश तिवारी, रौशन तिवारी और गिरफ्तार आरोपी प्रशांत तिवारी के नाम शामिल हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पूछताछ के दौरान प्रशांत तिवारी ने यह भी स्वीकार किया कि हत्या के समय वह नशे की हालत में था। हालांकि, इस दावे की पुष्टि पुलिस जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया में की जाएगी। पलामू पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पूरे षड्यंत्र और अन्य सहयोगियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस हत्याकांड में शामिल बाकी आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
