logo

रेल मंत्री से मिले सांसद वीडी राम, पलामू-गढ़वा की रेल परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

vd_ram_rail.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पलामू लोकसभा के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पलामू संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ गढ़वा एवं आसपास के क्षेत्रों में रेलवे से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास को लेकर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने शेरघाटी–छतरपुर–कजरी नई रेलवे लाइन के निर्माण की स्वीकृति प्रदान किए जाने पर रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पलामू सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी और आर्थिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पलामू क्षेत्र में रेलवे उत्पादन केंद्र

मुलाकात के दौरान सांसद विष्णु दयाल राम ने पलामू संसदीय क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही रेल संबंधी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का अनुरोध किया। सांसद ने पलामू क्षेत्र में रेलवे उत्पादन केंद्र अथवा मेगा वैगन मेंटेनेंस सुविधा, POH/ROH वर्कशॉप स्थापित करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि गढ़वा रोड और जपला रेलवे स्टेशन के आसपास का क्षेत्र इस तरह की सुविधा के लिए उपयुक्त हो सकता है। वर्कशॉप स्थापित होने से रेलवे की परिचालन और वैगन मेंटेनेंस क्षमता मजबूत होने के साथ-साथ बड़े पैमाने पर स्थानीय रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। इससे क्षेत्र से होने वाले पलायन को रोकने में भी मदद मिलेगी।

संतरागाछी–खातीपुरा एक्सप्रेस का परिचालन शुरू कराने की मांग
सांसद ने ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी–खातीपुरा (जयपुर) एक्सप्रेस का परिचालन जल्द शुरू कराने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि इस ट्रेन को डालटनगंज और गढ़वा रोड के रास्ते चलाने की स्वीकृति रेलवे बोर्ड द्वारा दी जा चुकी है। ऐसे में क्षेत्र की जनता के व्यापक हित को देखते हुए इसका परिचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की गई। प्रस्तावित अंबिकापुर–रामानुजगंज–गढ़वा रेल लाइन के संरेखण पर पुनर्विचार करते हुए बड़गढ़ और भंडरिया को भी रेल लाइन से जोड़ने का आग्रह सांसद ने किया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी मिलने से लंबे समय से विकास की प्रतीक्षा कर रहे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलेगी।

गढ़वा टाउन से रांची तक MEMU सेवा की मांग
सांसद ने गढ़वा टाउन से डालटनगंज और गढ़वा रोड होते हुए रांची के बीच सुबह और शाम MEMU ट्रेन सेवा शुरू करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को काफी सुविधा होगी तथा पलामू-गढ़वा क्षेत्र की राजधानी रांची से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। क्षेत्र की जनता की सुविधा को देखते हुए सांसद ने विभिन्न स्टेशनों पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी। इसमें ट्रेन संख्या 13349/13350 सिंगरौली–पटना एक्सप्रेस का सिगसिगी स्टेशन तथा ट्रेन संख्या 12877/12878 गरीब रथ एक्सप्रेस का ऊंटारी रोड और हैदरनगर स्टेशन पर ठहराव शामिल है। सांसद ने कहा कि इन ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय यात्रियों, विद्यार्थियों, मरीजों, व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

रेल मंत्री के साथ सकारात्मक चर्चा
पलामू संसदीय क्षेत्र में निर्मित और निर्माणाधीन सभी LHS/RUB में स्थायी एवं प्रभावी जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया गया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान जलजमाव के कारण आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। विशेष रूप से नगर ऊंटारी–भवनाथपुर मार्ग स्थित नवनिर्मित LHS/RUB में स्थानीय आवागमन की समस्या को देखते हुए वहां ROB निर्माण की संभावना पर विचार करने का अनुरोध किया गया। सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि मुलाकात में सभी महत्वपूर्ण विषयों पर रेल मंत्री के साथ सकारात्मक और विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि पलामू और गढ़वा जिलों सहित आसपास के क्षेत्रों की जनता की इन महत्वपूर्ण रेल आवश्यकताओं पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि पलामू संसदीय क्षेत्र में बेहतर रेल कनेक्टिविटी केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, रोजगार, व्यापार और समृद्धि की मजबूत आधारशिला है।

Tags - Vishnu Dayal Ram Ashwini Vaishnaw Indian Railways Railway Projects