logo

अंबिकापुर-गढ़वा रेल लाइन में बड़गढ़-भंडरिया को जोड़ने की मांग, सांसद वीडी राम ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से की मुलाकात

palamu_rail.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित रेल भवन में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सतीश कुमार से मुलाकात कर प्रस्तावित अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा नई रेल लाइन के वर्तमान अलाइनमेंट में संशोधन करने की मांग उठाई है। उन्होंने बड़गढ़ और भंडरिया प्रखंडों को भी इस परियोजना से जोड़ने तथा लंबे समय से लंबित बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। सांसद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष को दिए पत्र में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन को स्वीकृति दिया जाना क्षेत्र के लिए स्वागतयोग्य कदम है।

स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी

इससे पलामू, गढ़वा और आसपास के क्षेत्रों की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी तथा आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। हालांकि प्रस्तावित अलाइनमेंट में बड़गढ़ और भंडरिया जैसे भौगोलिक दृष्टि से दुर्गम एवं अत्यंत पिछड़े क्षेत्रों को शामिल नहीं किए जाने से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने बताया कि बड़गढ़ एवं भंडरिया के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने इस संबंध में उन्हें ज्ञापन सौंपकर रेल मार्ग में इन क्षेत्रों को शामिल करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दशकों से इन क्षेत्रों में रेल संपर्क की मांग होती रही है, लेकिन वर्तमान योजना में इन्हें बाहर रखे जाने से लोगों में आक्रोश है। इस मांग को लेकर कई स्थानों पर आंदोलन और विरोध-प्रदर्शन भी किए जा रहे हैं।

कृषि एवं वन उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा

सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि बड़गढ़ और भंडरिया क्षेत्र आज भी सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सुविधाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों के मामले में काफी पिछड़े हुए हैं। यदि इन क्षेत्रों को प्रस्तावित रेल लाइन अथवा लिंक रेलवे लाइन से जोड़ा जाता है तो लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही कृषि एवं वन उत्पादों के विपणन को बढ़ावा मिलेगा, निवेश और उद्योग की संभावनाएं बढ़ेंगी तथा पूरे क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। सांसद ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष से जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित रेल लाइन के अलाइनमेंट में आवश्यक संशोधन करने तथा बरवाडीह-चिरमिरी-अंबिकापुर रेल लाइन परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।

Tags - Vishnu Dayal Ram Rail Connectivity Indian Railways Central Government