logo

पलामू में युवक की गोली मारकर हत्या, ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

golu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पुरंदर बीघा में बुधवार रात बदमाशों ने ओमप्रकाश सिंह उर्फ छोटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जाता है कि ओमप्रकाश सिंह अपनी गाड़ी रोककर किसी से बात कर रहे थे, तभी बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और उन्हें गोली मार दी। गोली लगने के बाद ओमप्रकाश गाड़ी से उतरकर भागने लगे, इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें दोबारा गोली मार दी। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक पर दर्ज थे आठ आपराधिक मामले

ओमप्रकाश सिंह हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, उनका आपराधिक इतिहास रहा है और अकेले हुसैनाबाद थाना में उनके खिलाफ आठ मामलों में एफआईआर दर्ज है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचे। देर रात ग्रामीणों और परिजनों ने घटना के विरोध में हंगामा करते हुए सड़क जाम कर दिया था। हालांकि, बाद में लोगों ने जाम हटा लिया। जिस इलाके में वारदात हुई, वहां से हुसैनाबाद विधायक का घर भी नजदीक बताया जा रहा है।

अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

पलामू एसपी कपिल चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को मामले में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात में शामिल अपराधी कौन-कौन हैं।

Tags - Palamu Hussainabad Omprakash Singh Murder Shooting Crime News Jharkhand News Palamu Police Criminal History