द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिंदु बीघा गांव में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। गांव के चितरंजन पासवान ने धारदार हथियार से एक दंपती पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले की चपेट में आने से आठ माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक के माता-पिता कृपा देवी और दीपक पासवान गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से तीनों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को मेदिनीनगर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

मामूली विवाद के बाद हुआ जानलेवा हमला
घटना की सूचना मिलते ही हैदरनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चितरंजन पासवान को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी तंजीलुल मनान ने बताया कि मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से दंपती पर हमला कर दिया, जिसमें मासूम बच्चा भी इसकी चपेट में आ गया।

पुलिस जांच में जुटी, पिता की हालत चिंताजनक
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश रंजन ने बताया कि घायल दीपक पासवान की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि कृपा देवी का भी इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी के अनुसार यह घटना गुरुवार देर शाम की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।