द फॉलोअप डेस्क
पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देकर फोरलेन निर्माण शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने एनएच-343 के गढ़वा–रामानुजगंज (लगभग 49 किलोमीटर) तथा NH-139 (पूर्व में NH-98) के पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर (लगभग 22 किलोमीटर) सड़क का अविलंब फोरलेन निर्माण कराने की मांग रखी। सांसद ने बताया कि एनएच-139 के हरिहरगंज–सीलीदाग खंड का फोरलेन निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि NH-343 के अन्य हिस्सों का भी चौड़ीकरण हो गया है।

अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है
इसके बावजूद पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर का करीब 22 किलोमीटर लंबा हिस्सा अब भी दो लेन का होने के कारण पूरे कॉरिडोर में सबसे बड़ी बाधा बना हुआ है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है, यात्रा में अधिक समय लगता है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। इस मुलाकात के दौरान सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने सांसद को बताया कि गढ़वा–रामानुजगंज (NH-343) और पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर (NH-139) दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) मंत्रालय द्वारा तैयार की जा रही है।

सुरक्षित और सुगम सड़क संपर्क की सुविधा
DPR को जल्द अंतिम रूप देकर परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से दोनों परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित किया जाएगा। वहीं सांसद विष्णु दयाल राम ने कहा कि इन दोनों फोरलेन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से पलामू, गढ़वा और आसपास के जिलों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज सड़क संपर्क की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र में उद्योग, कृषि, व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्र के समग्र सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति प्राप्त होगी।