द फॉलोअप डेस्क
पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में शनिवार को दिनदहाड़े गोलीबारी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई। शहर थाना क्षेत्र स्थित जीएलए कॉलेज के समीप मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर के बाहर एक ठेकेदार को उनके ही भतीजे ने गोली मार दी। इस हमले में ठेकेदार संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी (50) गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार संजय तिवारी हर शनिवार की तरह मां अष्टभुजी दुर्गा मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे। पूजा समाप्त कर जैसे ही वह मंदिर परिसर से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बैठे उनके भतीजे प्रीतम तिवारी ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही संजय तिवारी घायल होकर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।
.jpg)
गोली की आवाज से मची अफरा-तफरी
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल संजय तिवारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। घायल संजय तिवारी के पिता लव तिवारी ने बताया कि जनार्दन तिवारी के परिवार के साथ जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी विवाद के कारण जनार्दन तिवारी के पोते प्रीतम तिवारी ने उनके बेटे पर जानलेवा हमला किया। उन्होंने बताया कि घटना वाले दिन भी संबंधित मामले की अदालत में सुनवाई की तारीख थी।

सुबह से संपर्क करने की कोशिश कर रहा था आरोपी
परिजनों के अनुसार प्रीतम तिवारी शनिवार सुबह से ही संजय तिवारी को कई बार फोन कर मिलने का प्रयास कर रहा था। आशंका जताई जा रही है कि उसने पहले से ही हमले की योजना बना रखी थी और मंदिर के बाहर मौका मिलते ही गोली चला दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है, जबकि घायल ठेकेदार की स्थिति पर डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।