नंदलाल तुरी
झारखंड राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा कई जनभागीदारी आधारित कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं। कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत 11 नवंबर 2025 को प्रातः 6:00 बजे से “रन फॉर झारखंड” का आयोजन किया जाएगा, जो सिद्धू कान्हू मुर्मू पार्क, पाकुड़ से प्रारंभ होकर समाहरणालय, पाकुड़ तक संपन्न होगा। इस आयोजन में जिले के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी, खेल प्रेमी, सामाजिक संस्थान और आम नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य की एकता, ऊर्जा, युवा शक्ति और गौरवपूर्ण उपलब्धियों को उजागर करना है।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि “रन फॉर झारखंड” का आयोजन जिला प्रशासन, पाकुड़ के तत्वावधान में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दौड़ केवल एक खेल आयोजन नहीं है, बल्कि राज्य की एकता, सामूहिकता और प्रगति की भावना को अभिव्यक्त करने का प्रतीक है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर झारखंड राज्य स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने की अपील की।
