logo

मां की तबीयत खराब बताकर मांगे 3500 रुपये, भाग रही युवती को दुकानदार ने दौड़ाकर पकड़ा

कोतो31.jpg

द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ शहर के हाटपाड़ा सब्जी बाजार में सोमवार को ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना वरुण शाह नामक सब्जी विक्रेता की दुकान पर हुई, जहां करीब 16 से 17 वर्ष की एक युवती पहुंची और अपनी मां की तबीयत खराब होने की बात कहकर मदद मांगी। युवती ने दुकानदार से अनुरोध किया कि वह उसके बताए गए मोबाइल नंबर पर 3,500 रुपये ऑनलाइन भेज दे, जिसके बदले वह नकद राशि दे देगी।


ऑनलाइन रुपये भेजते ही दुकान से भाग निकली युवती
दुकानदार वरुण शाह ने मानवीय आधार पर युवती की बात पर भरोसा करते हुए उसके बताए मोबाइल नंबर पर 3,500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये भेजने के बाद युवती कुछ देर तक दुकान के आसपास रुकी रही, लेकिन मौका मिलते ही वहां से भाग निकली। युवती की गतिविधि संदिग्ध लगने पर दुकानदार को ठगी की आशंका हुई और वह तुरंत उसके पीछे दौड़ पड़ा।


करीब एक किलोमीटर पीछा कर पकड़ा गया
दुकानदार ने स्थानीय लोगों की मदद से युवती का पीछा किया और करीब आधा से एक किलोमीटर दूर राज हाई स्कूल के समीप उसे पकड़ लिया। इसके बाद युवती को वापस दुकान पर लाया गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाना ले गई। पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद भी युवती अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस तरह की ठगी की घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह या बड़ा रैकेट सक्रिय हो सकता है और युवती उसी नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा युवती से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Tags - Crime Pakur Fraud Police Jharkhand