नंदलाल तुरी
पाकुड़ पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। न्यायालय परिसर से फरार हुए दो सजायाफ्ता दोषियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या–04/2019 (सत्र वाद संख्या–82/2019) के तहत चार अभियुक्तों ने 07 जनवरी 2026 को न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। सुनवाई के बाद अपर सत्र न्यायाधीश–1 द्वारा चारों अभियुक्तों को दोषी करार दिया गया। फैसला सुनाए जाने के तुरंत बाद दोषियों में से दो अभियुक्त, शिवधन मोहली और नोरेन मोहली, पुलिस को चकमा देकर न्यायिक हिरासत से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ नगर थाना में कांड संख्या–07/2026 दर्ज किया गया, जिसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 262, 263 एवं 3(5) के तहत मामला अंकित किया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया।
गुप्त सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महेशपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खरियापाड़ा में छापेमारी कर दोनों फरार दोषियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में शिवधन मोहली, पिता स्वर्गीय बाबूलाल मोहली, निवासी ग्राम अम्बाडीह, थाना अमड़ापाड़ा तथा नोरेल उर्फ नोरेन मोहली, पिता फागु मोहली, निवासी ग्राम अम्बाडीह, थाना अमड़ापाड़ा शामिल हैं। इस सफल अभियान में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता, निवर्तमान थाना प्रभारी बबलू कुमार, मुफस्सिल प्रभाग के अनूप रौशन भेंगरा, सन्नी सुप्रभात, सुकदेव साहा, भीम रजक एवं धनंजय मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
