द फॉलोअप डेस्क
रामनवमी, गुड फ्राइडे, ईस्टर, ईद, सरहुल और चैती दुर्गापूजा को ध्यान में रखते हुए आज पाकुड़ में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने की। बैठक में आगामी पर्वों के दौरान विधि-व्यवस्था, शांति, जनसुविधा और यातायात नियंत्रण पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी जिलेवासियों से संयम, भाईचारा और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की और अफवाह या फेक न्यूज से बचने का निर्देश दिया। उन्होंने जुलूसों में शराब और आपत्तिजनक सामग्री पर रोक सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने की बात कही।
.jpg)
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि रामनवमी और ईद के अवसर पर लगभग 370 पुलिसकर्मी तैनात होंगे और सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जाएगी। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जुलूस के दौरान केवल प्रशिक्षित व्यक्ति ही पारंपरिक अस्त्र का उपयोग करें। वहीं उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे सकारात्मक संदेश फैलाएं और पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराएँ। बैठक में आईटीडीए परियोजना निदेशक अरूण कुमार एक्का, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, नगर परिषद और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
