logo

पाकुड़ में 3 हजार वापस करने के बहाने बुजुर्ग से ठगे 4.81 लाख रुपए

पाकुड़ में 3 हजार वापस करने के बहाने बुजुर्ग से ठगे 4.81 लाख रुपए

द फॉलोअप / पाकुड़:
पाकुड़ जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करियोडीह गांव में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां 73 वर्षीय बुजुर्ग प्रतुल कुमार साहा को साइबर ठगों ने पैसे वापस करने का झांसा देकर अपने जाल में फंसा लिया। ठगों ने उनके बैंक खातों से अलग-अलग किस्तों में कुल 4 लाख 81 हजार 892 रुपये की अवैध निकासी कर ली। घटना को लेकर पीड़ित ने लिट्टीपाड़ा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

गलती से 3 हजार रुपये भेजने का दावा कर रचा ठगी का जाल
पीड़ित प्रतुल कुमार साहा के अनुसार, 9 से 14 सितंबर के बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि उससे गलती से उनके बैंक खाते में 3 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए हैं। इसके बाद ठगों ने उक्त राशि वापस लौटाने के बहाने उन्हें बातचीत में उलझाया और UPI प्रक्रिया के जरिए अलग-अलग किस्तों में कुल 4,81,892 रुपये की निकासी कर ली।

बैंक खाते से बड़ी रकम कटने पर थाने में शिकायत
खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने लिट्टीपाड़ा थाने में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबरों और बैंक ट्रांजैक्शन की जानकारी की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि साइबर ठगी की घटना को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
 

Tags - Pakur News Cyber Fraud UPI Scam Littipara Police Jharkhand Crime