logo

विधानसभा अध्यक्ष के पोस्ट के बाद पाकुड़ प्रशासन हुआ सक्रिय, जरूरतमंद टीबी मरीज को मिली सरकारी मदद

p_dc_tv.jpg

पाकुड़ 

झारखंड विधानसभा अध्यक्ष रवींद्र नाथ महतो द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट के आलोक में पाकुड़ डीसी मेघा भारद्वाज ने मामले पर त्वरित संज्ञान लेते हुए टीबी मरीज रीता सुहागिनी हेम्ब्रम को समुचित उपचार एवं सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उपायुक्त के निर्देशानुसार पाकुड़िया प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया द्वारा ग्राम मोहनपुर फुलझिंझरी निवासी रीता सुहागिनी हेम्ब्रम (उम्र 25 वर्ष) के मामले की जांच की गई। जांच में पाया गया कि मरीज पल्मोनरी टीबी (Pulmonary Tuberculosis) से ग्रसित हैं तथा उनका उपचार 20 मई 2026 से नियमित रूप से संचालित किया जा रहा है। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी द्वारा 03 जून 2026 को मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, पाकुड़िया में भर्ती कर समुचित चिकित्सीय उपचार उपलब्ध कराया गया है। साथ ही मरीज को टीबी पोषण किट भी प्रदान की गई है।

नियमित उपचार एवं स्वास्थ्य निगरानी

वर्तमान में चिकित्सकीय मानकों के अनुरूप उनका नियमित उपचार एवं स्वास्थ्य निगरानी सुनिश्चित की जा रही है। जांच के दौरान यह भी पाया गया कि मरीज का राशन कार्ड बना हुआ है तथा उन्हें नियमित रूप से खाद्यान्न प्राप्त हो रहा है। मरीज को पूर्व में मईया सम्मान योजना का लाभ प्राप्त हुआ था। हाल के कुछ महीनों से लाभ प्राप्त नहीं होने की स्थिति में संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मरीज की माता विधवा हैं तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। साथ ही परिवार को पात्रता के आधार पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर आवास योजना से आच्छादित करने की कार्रवाई की जा रही है।

संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आवश्यक कार्रवाई

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा समन्वय स्थापित करते हुए मरीज एवं उसके परिवार को अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु भी आवश्यक पहल की जा रही है। वहीं पाकुड़ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मरीज के उपचार, पोषण, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सहायता की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सभी पात्र लाभ समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जाएं। जिला प्रशासन जरूरतमंद एवं कमजोर वर्ग के लोगों तक स्वास्थ्य सेवाओं एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर रहा है।

Tags - Ravindra Nath Mahato Pakur DC Megha Bhardwaj TB Patient SupportDistrict Administration Action