पाकुड़
झारखंड की हेमंत सरकार के खिलाफ भाजपा ने आज पाकुड़ में अपनी पूरी ताकत झोंक दी। पाकुड़ रेलवे मैदान से लेकर पार्क तक निकाली गई इस आक्रोश रैली में सबसे खास दृश्य महिलाओं का रहा, जो सिर पर मटका लेकर प्रदर्शन में शामिल हुईं। यह मटका प्रदर्शन राज्य में व्याप्त भीषण पेयजल संकट और बिजली कटौती के खिलाफ सरकार को जगाने के लिए एक कड़ा संदेश था।
पानी-बिजली संकट पर भाजपा का प्रदर्शन
जिला अध्यक्ष सरिता मुर्मू के नेतृत्व में महिलाओं ने सिर पर खाली मटके रखकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं पीने के पानी के लिए मीलों पैदल चलने को मजबूर हैं। सरिता मुर्मू ने आरोप लगाया कि जो सरकार जनता को बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं करा सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने यह संदेश देने की कोशिश की कि सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत में लोगों के घड़े खाली हैं।
हेमंत सरकार पर भाजपा का हमला
भाजपा प्रदेश कार्य समिति के सदस्य अनुग्राहित प्रसाद शाह ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पूरे प्रदेश में पानी के लिए त्राहिमाम की स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि चापाकल खराब पड़े हैं और जलापूर्ति योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुकी हैं, जबकि प्रशासन गहरी नींद में सोया हुआ है। रेलवे मैदान से पार्क तक निकली इस रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने “हेमंत सोरेन होश में आओ” के नारे लगाए। नेताओं ने कहा कि सरकार एक ओर मुफ्त बिजली देने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर घंटों बिजली कटौती से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। भाजपा ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।