द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ के मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र से पुलिस ने एक व्यक्ति को मादक पदार्थ ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में डीएसपी अजय आर्यन ने मीडिया से जानकारी साझा करते हुए बताया कि 1 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मादक पदार्थ लेकर पाकुड़ की ओर जा रहा है। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया और एनडीपीएस एक्ट के नियमों के तहत अनुमंडल पदाधिकारी पाकुड़ को दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त करने हेतु आग्रह किया गया। इसके बाद अंचल पदाधिकारी पाकुड़ को छापेमारी हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किया गया और इनके नेतृत्व में एक छापेमारी दल का गठन किया गया।

सूचना के आधार पर मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र अंतर्गत पीपलजोड़ी मोड़ के पास जोसिम शेख नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर, कुल वजन लगभग 6.46 ग्राम (अनुमानित मूल्य 50–60 हजार रुपए), एक सैमसंग स्मार्टफोन और एक होंडा मोटरसाइकिल बरामद किया गया। एनडीपीएस एक्ट के तहत बरामद मादक पदार्थ और अन्य सामानों को विधिवत जप्त किया गया और आरोपी को अवैध मादक पदार्थ रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इस संबंध में पाकुड़ मालपहाड़ी ओपी थाना में केस संख्या 68/2026 के तहत धारा 21(b) और 22(a) एनडीपीएस एक्ट 1985 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
.jpeg)