द फॉलोअप डेस्क:
डुमरी उपचुनाव में अपने उम्मीदवार के लिए प्रचार करने के लिए एआईएमआईएम सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी रांची पहुंचे हैं। रांची पहुंचते ही उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। एलपीजी की कीमत में कटौती को नाकाफी बताया। उन्होंने कहा कि एलपीजी की कीमतों में जो कमी की गई है वह बहुत कम है। रक्षाबंधन के मौके पर भारतीय जनता पार्टी बहनों को तोहफा देने की बात कह रही है, लेकिन आज भी देश में कई ऐसी बहने हैं जो वर्तमान दर में भी गैस सिलेंडर नहीं खरीद सकती हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमत कम नहीं हो रही, G20 के लिए लगभग 3500-4000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, अगर वही पैसा गैस सिलेंडर में दिया जाता तो गैस सिलेंडर सिर्फ 300 रुपए में आ जाता। आज भी कीमतें ज्यादा हैं, मैं नहीं समझता इस तरह गरीबों को कुछ फायदा होगा। बता दें कि डुमरी उपचुनाव में ओवैसी अपनी पार्टी के कैंडिडेट मोहम्मद अब्दुल मोबिन रिजवी के लिए प्रचार करेंगे। डुमरी केकेबी हाई स्कूल के ग्राउंड में इनकी जनसभा बुधवार को होनी है। इसे लेकर तैयारियां पूरी कर ली गईं है।

खुद के दम पर चुनाव लड़ते हैं हम
बीजेपी के बी टीम कहे जाने पर असदुद्दीन ओवैसी ने जवाब देते हुए कहा यह उनका पुराना आलाप है। उन्होंने कहा कि झारखंड में कई ऐसे विधानसभा क्षेत्र है जहां एआईएमआईएम पार्टी के कैंडिडेट खड़े नहीं हुए हैं, लेकिन वहां भी भाजपा जीत गई है। इस सवाल पर जेएमएम और कांग्रेस के पास जवाब नहीं होता। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम अपने बल पर चुनाव लड़ती है और अपने बल पर जीत प्राप्त करती है। ओवैसी ने हरियाणा के नूह में हुई हिंसा को लेकर कहा कि हरियाणा सरकार ने जो कार्रवाई की है उसमें मुसलमान प्रभावित हुए हैं। बुलडोजर से जितने भी घर तोड़े गए हैं, उसमें ज्यादातर मुसलमान के मकान और दुकान थे। जबकि पूरी हिंसा का जो मुख्य आरोपी था, उसका वीडियो वायरल होने के बावजूद भी सरकार ने अब तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N