logo

चतरा में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, इंडिकेटर जलता देख सिमरिया CO ने बचाई चालक की जान

चतरा में अनियंत्रित स्कॉर्पियो पेड़ से टकराई, इंडिकेटर जलता देख सिमरिया CO ने बचाई चालक की जान

चतरा:
चतरा जिले के बिरहु के पास शनिवार रात करीब 11:30 बजे की घटना है। दरअसल, कल देर रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे सखुआ के पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में सिमरिया निवासी चालक प्रशांत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि वह हजारीबाग से स्कॉर्पियो से सिमरिया लौट रहे थे। बिरहु के पास तीखे मोड़ पर अचानक वाहन से उनका नियंत्रण खो गया, जिसके बाद स्कॉर्पियो सीधे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंस गया।

इंडिकेटर की रोशनी देखकर सीओ ने रुकवाई गाड़ी, शुरू हुआ रेस्क्यू
हादसा जंगली और सुनसान इलाके में हुआ था, जहां रात के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था। दुर्घटना के कुछ देर बाद सिमरिया के अंचल अधिकारी गौरव कुमार जवानों के साथ उसी रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान सुरक्षाकर्मियों की नजर सड़क किनारे दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो पर पड़ी। वाहन का इंडिकेटर जलता देखकर उन्होंने गाड़ी रोक दी और मौके पर पहुंचे। जांच करने पर प्रशांत कुमार वाहन के अंदर गंभीर हालत में फंसे मिले। इसके बाद सीओ और जवानों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया। इस दौरान उन्हें बाहर निकालने में मदद कर रहे लोगों के कपड़ों पर भी खून लग गया।

रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर
वाहन से बाहर निकालने के तुरंत बाद प्रशांत कुमार को सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। गंभीर चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उनकी स्थिति नाजुक बताई और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद घायल को रांची ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

समय पर मिली मदद से बची जान
देर रात सुनसान जंगली इलाके में हुए इस हादसे के बाद समय पर मदद मिलने से घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका। स्कॉर्पियो का इंडिकेटर जलता देखकर सीओ और सुरक्षाकर्मियों ने वाहन रोककर स्थिति का जायजा लिया और प्रशांत कुमार को गाड़ी से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई। हादसे में स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीखे मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण खोना दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है।

Tags - Chatra Road Accident Simaria CO Rescue Scorpio Crash Jharkhand Prashant Kumar Accident Birhu Road Accident