द फॉलोअप डेस्क, रांची
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि हमारा लक्ष्य कमल का निशान होना चाहिए और इसी लक्ष्य को सामने रख राज्य में भाजपा की सरकार बनानी है। भाजपा के कार्यकर्ता पार्ट टाइम नहीं 24×7 की राजनीति और संघर्ष करें। वे नेशन फर्स्ट और सेल्फ लास्ट के भाव के साथ काम करते भी हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में भाजपा की सरकार नहीं होने के बावजूद भी भारी पैमाने पर केंद्रीय योजना का लाभ यहां की जनता को मिलता है। देश के ग्रोथ के साथ झारखंड़ के ग्रोथ को भी आगे बढ़ाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री जिस सेवा भाव से काम करते हैं उसी सेवा भाव से हम सबको काम करना है। वह शनिवार को प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

राहुल गांधी कर रहे विदेशी टूल किट का काम
आज देश में संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को चुनौती देने का प्रयास किया जा रहा है। जो लोग आज संविधान की दुहाई देते हैं, उन्हें याद रखना चाहिए कि संविधान की मर्यादा को सबसे ज्यादा तार-तार करने का काम कांग्रेस ने किया है। इन लोगों ने संविधान को अपने परिवार के अनुसार चलाने का काम किया है। आपातकाल लगाने से लेकर देश में नैतिक मूल्यों के हनन करने तक का काम कांग्रेस ने किया है। इन्होंने देश में अराजकता फैलाने का काम किया है। नितिन नवीन ने कहा कि देश में अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है। आज जिस तरह से देश में अस्थिरता फैलाने की कोशिश की जा रही है, उससे हमें सतर्क रहना है। आज राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों के टूलकिट के रूप में काम कर रहे हैं, जो विदेशों से ऑपरेट हो रहा है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाया और इसे चिंता का विषय बताया। वहीं SIR पर सवाल उठाने वालों को घेरते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को नागरिकों के अधिकार से ज्यादा घुसपैठियों को संरक्षण देने की चिंता है। भाजपा अध्यक्ष रांची के कांके, सुकुरहुटू स्थित हवेली बैंक्वेट हॉल में आयोजित झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस दौरान कांग्रेस और राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोला।
.jpeg)
कांग्रेस शासन काल में मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया राज था
उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल के दौरान मेडिकल परीक्षा प्रणाली पर माफिया राज हावी था, जिसे उनकी सरकार ने पूरी तरह दुरुस्त किया। उन्होंने कहा कि जब राज्य में छात्र अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे, तब यहां के कांग्रेस नेता उनके समर्थन में एक शब्द भी नहीं बोले। उन्होंने कहा कि और ये नेता दिल्ली में बैठकर युवाओं, छात्राओं के हितैषी होने का ढोंग करते हैं। दरअसल में देश की विकास और छात्रों के भविष्य से उन्हें कुछ लेना देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस देश की 140 करोड़ जनता को मोदी पर विश्वास है और देश की जनता नरेंद्र मोदी के साथ ही आगे बढ़ना चाहती है। क्योंकि देश की जनता को मोदी से ही उम्मीद है।

झारखंड मेरा जन्म स्थान, यहां आना सौभाग्य की बात
उन्होंने कहा कि आज का दिन मेरे लिए विशेष दिन है, क्योंकि झारखंड मेरा जन्मस्थान है, और मेरी शिक्षा का भी बहुत बड़ा समय इस झारखंड प्रदेश में बीता है। इसलिए इस भूमि पर आकर किसी भी कार्यक्रम में सम्मिलित होना, मेरे लिए बहुत ही सौभाग्य की बात है।उन्होंने कहा कि हम सभी को एक उत्साह के साथ, नए उमंग के साथ झारखंड का ख्याल रखना है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जिस प्रकार पूरे देश में भाजपा का विस्तार हो रहा है, जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर जो जनता में स्वीकार्यता है, जो विश्वास का माहौल बना है, उसे झारखंड में भी और मजबूती से आगे बढ़ाना है। जब बिहार-झारखंड एक था, तो उस समय भी भाजपा की जड़ें यहां अधिक मजबूत थी। जब भाजपा बिहार में बढ़ रही थी, तो उसकी शुरूआत इसी झारखंड की पवित्र भूमि से पहले हुई थी। इसलिए हमें संकल्प लेना है कि झारखंड को आगे बढ़ाने के लिए हमें कमर कसना है। उन्होंने कहा कि जिस राज्य की स्थापना अटल बिहारी वाजपेयी ने की है, इस राज्य को बनाया हमने है, आगे बढ़ाया हमने है, इसे भाजपा ही संवारेगी, इसलिए इस संकल्प को हमें आगे लेकर जाना है। हमारा सौभाग्य है कि हमें ऐसा नेतृत्व मिला, जिस नेतृत्व ने भाजपा को ही नहीं, भारत को ही नहीं, बल्कि पूरा विश्व को दिशा देने का काम किया।
जब पश्चिम बंगाल में हम जीते तो झारखंड तो हमारा गढ़ रहा है
उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी वहां के भाजपा कार्यकर्ताओं ने संघर्ष किया और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने बंगाल में चुनाव जीतकर उस संकल्प को पूरा करने का काम किया। फिर झारखंड तो हमारा गढ़ रहा है। जिस दिन हम ठान लें, इसको जीतने से कोई नहीं रोक सकता है। आज भाजपा का काम, भाजपा का विचार और भाजपा का नेतृत्व झारखंड के हर कोने में मौजूद है। केवल हमें इसके लिए समय देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मुझे पूरा विश्वास है कि भाजपा के कार्यकर्ता झारखंड में कमल खिलाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
राज्य में अराजकता और अव्यस्था के खिलाफ कार्यकर्ता संघर्ष का संकल्प लें
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जी के यश और तप से इस पवित्र भूमि को एक विशिष्ट पहचान मिली है। 15 नवंबर को जब हम झारखंड का स्थापना दिवस मनाते हैं, तो यह भी गर्व की बात है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दिन को पूरे भारत और विश्व में पहचान दिलाने के लिए ‘जनजातीय गौरव दिवस’ घोषित किया। देश को पहली आदिवासी महिला राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के रूप में भाजपा के नेतृत्व में मिलीं। भाजपा सरकार के नेतृत्व में आदिवासी समाज, जनजातीय समाज को जो सम्मान और गौरव मिला है, वह ऐतिहासिक है। आदिवासी समाज को कभी किसी ने इतना सम्मान नहीं दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने झारखंड में व्याप्त अराजकता और अव्यवस्था के खिलाफ सड़कों से लेकर सदन तक कड़ा संघर्ष करने का संकल्प जताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को मंत्र देते हुए कहा कि हम सबको संगठन की तरफ से जो जिम्मेदारी मिली है उसे ईमानदारी पूर्वक निभाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के निर्णय को धरातल पर ले जाने का मिशन होना चाहिए।

विश्व में अशांति के बीच भारत विकास की राह पर अग्रसर
उन्होंने नरेंद्र मोदी की सार्वजनिक जीवन के 25 साल के सेवा और संकल्प के लिए बधाई देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी ने पूरे विश्व को नेतृत्व देने का काम किया है। उनके नेतृत्व में आज भारत विकास की नई गाथा लिख रहा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजना की शुरुआत झारखण्ड की पवित्र भूमि से किया गया। जिसका लाभ आज देश के करोड़ों लोग ले रहे हैं। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का आर्थिक विकास की गति को बनाये रखने की तारीफ करते हुए कहा कि जब पूरी दुनियां का आर्थिक विकास गति डगमगाया हुआ है परंतु भारत की आर्थिक विकास की गति लगातार अच्छी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को बचाने की खातिर हम सड़क पर भी उतरने को तैयार हैं। हमारे नेतृत्व और नीति पर कोई सवाल नहीं है।
छात्रों की समस्याओं को लेकर संघर्ष का किया आह्वान
उन्होंने झारखंड़ के छात्रों के साथ किए गए अन्याय तथा व्याप्त अराजकता के खिलाफ लड़ाई लड़ने की घोषणा की।
उन्होंने भाजपा नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे झारखंड के युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएं और कांग्रेस तथा गठबंधन सरकार के अराजक माहौल के खिलाफ सड़क से लेकर सदन तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करें। उन्होंने विधानसभा स्तर के मुद्दों को निकाल कर संघर्ष करने पर बल दिया। कानून व्यवस्था के विषय पर जनता को साथ लेकर आंदोलन करने की उन्होंने बात कही।
जिलाध्यक्षों के साथ की बैठक
वहीं प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य के सभी 31 सांगठनिक जिलों के जिलाध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ संयुक्त बैठक की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली तथा पार्टी को और अधिक सशक्त बनाने, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और उनके मार्गदर्शन से प्रदेश के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह का माहौल दिखा।
.jpeg)
नरेंद्र मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने अध्यक्षीय भाषण के दौरान झारखंड़ भाजपा के लाखों कार्यकर्ताओं की तरफ से राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत करते हुए कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली है कि हम सब को राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को हनुमान की संज्ञा देते हुए कहा कि आप सभी को राज्य में चल रही भ्रष्ट सरकार को उखाड़ कर भाजपा की विकास वाली सरकार बनानी है। उन्होंने मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो एक गरीब परिवार से आते हैं और उन्होंने अपनी योजनाओं में गरीबों की चिंता की। आज से पहले कांग्रेस की सरकार चुनाव के बाद गरीबों को भूल जाती थी। नरेंद्र मोदी सरकार ने असंभव को संभव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की थी कि मार्च 2026 तक उग्रवाद को खत्म कर देंगे, उस वादे को पूरा किया। आज प्रदेश में चारों ओर शांति है जिसकी कल्पना असम्भव सा लगता था। देश में आज आतंकवाद समाप्त हो चुकी है। मोदी की सरकार में आज किसी की मजाल नहीं है कि भारत की ओर आंख उठा कर देखे।
झारखंड में आज खनिज पदार्थों की लूट मची हुई है
झारखंड़ की स्थानीय भाषा के आधार पर नौकरी नहीं मिलती है, झारखंड़ की नौकरी को पैसे लेकर बाहरी लोगों को बेची जा रही है।
झारखंड़ के छात्रों ने इसके विरोध में आंदोलन किया। उन्हें झूठे आरोप में फंसाया गया। तब भाजपा सड़क पर उतर कर राज्य सरकार को चेतावनी दी, तो फर्जी केस करना बंद हुआ। राज्य में विधवा पेंशन, वृद्ध पेंशन नहीं मिल रहा है।उन्होंने राज्य सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सीमा से बाहर जाओगे तो भाजपा आंदोलन कर इस सरकार को उखाड़ फेकेगी। यह सरकार पेसा कानून का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके दुगुनी ताकत के साथ इस प्रदेश में काम करना होगा, गांव गांव जाकर जनता को जोड़ना है। साहू ने कहा कि एमएमडीआर का स्वागत पूरे देश मे हो रहा है किंतु झारखंड़ में इसका विरोध हो रहा है। यह सब लूट पर लगाम लगाने की बौखलाहट है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने भाजपा की महिला मोर्चा से आह्वान करते हुए कहा कि आप सबको दुर्गा, काली बनकर झारखंड़ की भ्रष्ट सरकार हटाना है।
कार्यक्रम में शामिल हुए
कार्यसमिति बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू तथा मंच संचालन प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने किया। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत पुष्पमाला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं नेता प्रतिपक्ष बाबुलाल मरांडी ने किया। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, राष्ट्रीय संगठन सह महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे। कार्यसमिति बैठक में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, झारखंड़ प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, मधु कोड़ा, चम्पई सोरेन, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र राय, यदुनाथ पाण्डेय, अभयकांत प्रसाद, दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, नीलकंठ सिंह मुंडा, भानु प्रताप शाही, सुनील सोरेन, गीता कोड़ा,महामंत्री गणेश मिश्रा, अमर कुमार बाउरी, मनोज सिंह सहित सभी पदाधिकारी, वर्तमान सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, मोर्चा के अध्यक्ष, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, कार्यसमिति सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
.jpeg)