रांची:
मौसम विभाग ने झारखंड के 17 जिलों में 18 और 19 जून को आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़ और रांची में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि इस दौरान अधिकतम 60 किमी की रफ्तार से हवा चलेगी। मेघगर्जन के साथ वज्रपात की भी आशंका है। बाकी 7 जिलों में भी बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की आशंका है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

20 जून को भी छाएंगे आंशिक बादल
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 20 जून को भी पूरे राज्य में आंशिक बादल छाएंगे। कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। गौरतलब है कि इस साल 1-17 जून के बीच औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इस साल 56 फीसदी बारिश हुई, लेकिन आमतौर पर 65 मिमी बारिश हो जाती है।

झारखंड में फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने पूर्वानुमान जताया है कि झारखंड में बहुत जल्द मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनने और झारखंड में मानसून की बेरुखी के बाद गुरुवार को एक बार फिर मानसून के सक्रिय होने की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, गुरुवार और शुक्रवार को झारखंड के कई हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है।