लोहरदगा
संसद के आगामी मानसून सत्र में केंद्र सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने के लिए विपक्ष ने रणनीति तैयार कर ली है। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा है कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद सत्र में विपक्ष एकजुट होकर केंद्र सरकार की नीतियों और विफलताओं के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाएगा। सांसद ने कहा कि इस बार विपक्ष के पास केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करने के लिए मुद्दों की लंबी सूची है। संसद में नीट पेपर लीक, महंगाई, पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत, विदेश नीति सहित आदिवासियों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा आदिवासियों के लिए वनवासी शब्द के इस्तेमाल पर भी विपक्ष अपना विरोध दर्ज कराएगा।

छात्रों के भविष्य पर सवाल
देश में धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ से जुड़े मामलों को भी सदन में उठाया जाएगा। उन्होंने राम मंदिर के चढ़ावे में कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया। हिंदुओं की आस्था से जुड़े धार्मिक स्थलों पर इस तरह की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय है और केंद्र सरकार को इससे अवगत कराया जाना जरूरी है। सुखदेव भगत ने कहा कि नीट पेपर लीक से युवाओं और छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े हुए हैं, वहीं बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की परेशानी बढ़ाई है। विदेश नीति सहित कई राष्ट्रीय मुद्दों पर भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। मानसून सत्र में विपक्ष पूरी एकजुटता के साथ जनहित के मुद्दों को सदन में उठाते हुए केंद्र सरकार को घेरेगा।
