पलामू
पलामू पुलिस का ऑपरेशन प्रहार मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। बीते 24 घंटे के दौरान जिले में दो अलग-अलग कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो कॉलेज छात्र और उसका एक साथी शामिल है। दूसरी कार्रवाई में हरियाणा के अफीम तस्कर और उसके स्थानीय सहयोगी को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा के अफीम तस्कर के ऊपर पहले से ही एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज है। पंजाब में भी उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में प्राथमिकी दर्ज है।

पैसे की लालच में बने अफीम तस्कर
मामले को लेकर जानकारी देते हुए पलामू एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पहली कार्रवाई सदर थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने सिंगरा में बाइक से मेदिनीनगर की ओर जा रहे तीन युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से अफीम बरामद हुई। जांच में पता चला कि आदित्य कुमार और नीतीश कुमार कॉलेज के छात्र हैं, जबकि रौशन कुमार उनके साथ रहकर इस धंधे में शामिल था। तीनों से पूछताछ में पता चला कि वे पहली बार पांच–पांच हजार के लालच में अफीम की तस्करी कर रहे थे। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
.jpeg)
पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी
दूसरी कार्रवाई पांकी थाना क्षेत्र के झरहा पुल के पास वाहन जांच के दौरान हुई। पुलिस ने हरियाणा नंबर की HR-90-5362 कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के क्रम में कार से चार बोरों में कुल 48.200 किलोग्राम डोडा और 230 ग्राम अफीम बरामद की गई। वहीं कार चालक प्रगट सिंह को गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर तरहसी निवासी उसके सहयोगी आसीम आलम को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार, 15 हजार रुपये नकद और एक स्मार्टफोन भी जब्त किया। पलामू के पुलिस अधीक्षक (SP) कपिल चौधरी ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई और सघन वाहन जांच के कारण लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। युवाओं को इस कारोबार में धकेलने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।