जमशेदपुर:
टाटा स्टील के टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार प्रोजेक्ट में शुक्रवार को हुए हादसे में एक मजदूर की मौत हो गयी, जबकि 2 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गये। दोनों घायलों का TMH के CCU में इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। सूत्रों के अनुसार वह बागबेड़ा का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, टिनप्लेट डिवीजन के विस्तार प्रोजेक्ट के तहत बड़ी बाउंड्री का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में मिट्टी भरने का काम चल रहा था। इसी दौरान हादसा हुआ, जिसमें 3 मजदूर इसकी चपेट में आ गये। घटना के बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए टीएमएच ले जाया गया, जहां एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया गया।

प्रोजेक्ट में एक सप्ताह में दूसरे मजदूर की मौत
टिनप्लेट के इसी विस्तार प्रोजेक्ट में एक सप्ताह के भीतर यह दूसरे मजदूर की मौत है। इससे पहले 11 सितंबर को भी 26 वर्षीय एक कर्मचारी की हादसे में मौत हुई थी। वह मेसर्स पुरनमल के कर्मचारी के रूप में प्रोजेक्ट साइट पर काम कर रहा था। महज 7 दिनों के अंतराल में 2 मजदूरों की मौत के बाद प्रोजेक्ट साइट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। घटना के बाद कर्मचारियों का आरोप है कि साइट पर सुरक्षा निरीक्षण और प्रोटोकॉल के पालन में लापरवाही बरती जा रही है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और सुरक्षा में चूक को लेकर कंपनी की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
.jpeg)
स्थानीय प्रशासन कर रहा है घटना की जानकारी
इधर, हादसे की सूचना मिलने के बाद कंपनी प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के स्तर से घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, मृतक की पहचान और हादसे की परिस्थितियों को लेकर भी जानकारी जुटायी जा रही है।