logo

कोल साइडिंग में पेलोडर की चपेट में आकर एक की मौत, हत्या का लगाया आरोप

hbagh1.jpg

हजारीबाग 
जिले के कटकमदाग, बनादाग कोल साइडिंग में शुक्रवार देर रात एक मजदूर की मृत्यु हो गयी। विरोध में मजदूरों ने कोल साइडिंग का काम बंद करा दिया। आरोप लगाया गया कि मजदूर की हत्या की गयी है। मृतक का नाम बंधन प्रसाद कुशवाहा बताया जा रहा है। मिली खबर के मुताबिक बंधन प्रसाद ड्युटी के दौरान शुक्रवार रात करीब एक बजे रेलवे रैक के लिए कोयला लोडिंग कर रहा था। इसी दौरान पेलोडर की चपेट में आने से उसकी मौत हो गयी। 

माल गाड़ी में डाला जा रहा था शव को  
वहीं, अन्य मजदूरों का कहना है कि मृतक के पेलोडर की चपेट में आने की खबर किसी को नहीं दी गयी। मामला छिपाने के लिए उसके शव को कोयले के साथ माल गाड़ी यानी ट्रेन में डाला जा रहा था। इस दरम्यान ग्रामीणों ने इस करतूत को देख लिया और शोर मचाना शुरू किया। शोर-शराबा होता देखकर पेलोडर का चालक मौके से फरार हो गया। इसकी सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार व परिजन भी घटना स्थल पर पहुंच गये। बाकी के मजदूरों को मौत की खबर मिलने के बाद उन्होंने कोल साइडिंग में काम बंद करा दिया। मजदूरों ने शव को सामने रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। आक्रोशित लोग श्रमिक के परिजन को नौकरी और मुआवजा देने की मांग प्रबंधन से करने लगे। कुछ ही देर में प्रदर्शन धऱना में तबदील हो गया। धरना प्रदर्शन की खबर सुनकर पुलिस और कोल परियोजना के पदाधिकारी भी घटना स्थल पर पहुंचे। मजदूरों और परियजोना पदाधिकारी के बीच वार्ता के बाद धरना को समाप्त कर दिया गया। इस दौरान पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। 

वार्ता में इन बातों पर बनी सहमति 
वार्ता के मुताबिक मृतक के परिजनों को 50 हजार रुपए अंतिम संस्कार के लिए तत्काल दिया गया। इसके साथ ही 10 लाख रुपए का चेक मुआवजा के रूप में दिया गया। कंपनी की ओर से आश्वासन दिया गया कि मृतक के पुत्र को नौकरी दी जायेगी। अधिकारियों के साथ वार्ता होने के बाद परिजन और मजदूर मृतक का शव उठाने के लिए तैयार हुए। दूसरी ओर कंपनी में कार्यरत मजदूरों ने कहा की जान जोखिम में डालकर कम तनख्वाह में वे काम करते हैं। उनके लिए कंपनी के तरफ से कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। मजदूरों ने कहा कि साइडिंग में ना तो हमारे लिए बैठने की जगह है ना ही भोजन आदि करने की जगह। मजदूरों ने कंपनी से सभी के लिए दुर्घटना बीमा कराने की मांग की है।