द फॉलोअप डेस्क
ऑपरेशन "सतर्क" के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नामकुम रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार, 26 सितंबर को एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान वेदप्रकाश सिंह (सारण, बिहार निवासी) के रूप में हुई। उसे शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
आरपीएफ पोस्ट रांची के अधिकारियों और स्टाफ द्वारा चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान रात्रि लगभग 7:40 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 01 पर एक व्यक्ति संदिग्ध स्थिति में देखा गया। उसके पास एक भारी नीले रंग का कंधे पर लटकने वाला बैग था। जब अधिकारी ने उससे पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि बैग उसी का है और उसमें शराब की बोतलें हैं। बैग की जांच के बाद, उसमें कुल 30 बोतलें "रॉयल झारखंड सी" ब्रांड की शराब बरामद हुईं। आरोपी ने आगे बताया कि वह ट्रेन संख्या 18624 एक्सप्रेस से पटना और फिर छपरा (बिहार) जाने की प्रतीक्षा कर रहा था, और वहां शराब बेचकर लाभ कमाने की योजना बना रहा था।
आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया और शराब को जब्त कर लिया गया। एएसआई रमेश कुमार द्वारा कार्रवाई करते हुए, आरोपी और जब्त शराब को 27 सितंबर को आगे की विधिक कार्रवाई हेतु उत्पाद विभाग, रांची को सौंप दिया गया। यह अभियान प्रभारी निरीक्षक आरपीएफ पोस्ट रांची की निगरानी में चलाया गया था और इस दौरान उड़नदस्ता टीम (फ्लाइंग टीम) रांची भी शामिल रही।
