logo

जमशेदपुर : शैक्षणिक भ्रमण के तीसरे दिन छात्राओं ने एमए चिदम्बरम स्टेडियम और रेलवे म्यूजियम का किया अवलोकन, लौटी रांची

is.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से प्रेरित जमशेदपुर के डीसी कर्ण सत्यार्थी की पहल पर इसरो के शैक्षणिक भ्रमण पर गयी सरकारी स्कूलों की 28 छात्राओं का तीसरे दिन का कार्यक्रम खेल, इतिहास और विज्ञान के रोचक अनुभवों से भरपूर रहा। छात्राओं ने चेन्नई स्थित एमए चिदम्बरम स्टेडियम का भ्रमण कर अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल प्रबंधन, मैदान की संरचना, खिलाड़ियों की सुविधाओं तथा मैच संचालन की बारीकियों की जानकारी प्राप्त की।

इसके बाद छात्राएं रेलवे म्यूजियम पहुंचीं, जहां उन्होंने भारतीय रेलवे के विकास इतिहास, पुराने लोकोमोटिव, यात्री डिब्बे, सिग्नलिंग प्रणाली और रेल संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां देखीं और समझीं। इस अवसर पर गाइड्स ने छात्राओं को रेलवे की यात्रा, प्रौद्योगिकी में हुए बदलाव और देश के आर्थिक विकास में रेलवे की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।

तीसरे दिन का भ्रमण पूरा करने के बाद दल देर शाम सकुशल रांची लौट आया। यात्रा के दौरान सभी छात्राओं के ठहराव, खानपान और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था उपायुक्त के निर्देशानुसार दल में शामिल सात इंस्ट्रक्टर जिनमें कार्यपालक दण्डाधिकारी मृत्युंजय कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नेहा संजना खलखो समेत अन्य द्वारा सुनिश्चित की गई थी।

डीसी ने कहा कि शैक्षणिक भ्रमण केवल पुस्तकों से बाहर की पढ़ाई नहीं, बल्कि जीवन के अनुभवों से सीखने का अवसर है। इस यात्रा ने छात्राओं को विज्ञान, खेल और इतिहास की नई दुनिया से रूबरू कराया है। विश्वास है कि इस अनुभव से उनमें नई ऊर्जा, जिज्ञासा और बड़े सपने देखने का साहस जागृत होगा।

Tags - jharkhand news jharkhand latest news jharkhand update jharkhand khabar jamshedpur news jamshedpur latest news jamshedpur DC news educational tour