द फॉलोअप डेस्क
गोड्डा जिला के पहाड़िया गांव में अचानक डीसी, एसपी सहित जिला प्रशासन की टीम पहुंची। आजादी के बाद पहली बार पहाड़ पर खुद के द्वार पर सरकार को देखकर बस्ती वाले फुले नहीं समां रहे थे। वे समझ नहीं पा रहे थे कि आखिर ये हुआ कैसे? दरअसल फॉलोअप की खबर का जबरदस्त असर हुआ है। बुधवार को ही एक दिन पहले हमने गोड्डा जिला के एक पहाड़ियां गांव की स्थिति के बारे में बताया था। दिखाया था कि कैसे सड़क नहीं होने के कारण छोटा कैरलो और बड़ा कैरलो बस्ती में रहने वाले लोग देश और दुनिया से कट गए हैं। खबर दिखाए जाने का असर ये हुआ कि 24 घंटे के अंदर डीसी-एसपी सहित जिला के सभी बड़े अधिकारी उस पहाड़ पर पहुंच गए और हर एक पहाड़िया परिवार से मिलकर उनकी समस्या से अवगत होने लगे। जिस पहाड़ पर पैदल चलकर पहुंचना मुश्किल है उस पहाड़ की चोटी पर कंप्यूटर-लैपटॉप और प्रिंटर लगाकर धड़ाधड़ गांव वालों का काम होने लगा।

सीएम ने पहाड़ पर जाने का दिया था निर्देश
दरअसल फॉलोअप पर खबर चलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद से इस मामले में संज्ञान लेते हुए डीसी सहित जिला के सभी अधिकारीयों को पहाड़ पर जाकर लोगों की समस्या से अवगत होने का निर्देश दिया था। फिर क्या था गोड्डा डीसी जीशान कमर और एसपी नाथ सिंह मीणा जिला के सभी अधिकारीयों के साथ सुबह साढ़े सात बजे ही बोआरीजोर प्रखंड अंतर्गत पड़ने वाले छोटा कैरोल और बड़ा कैरोल गांव के लिए निकल गए। गोड्डा से निकलकर पथरगामा रतनपुर होते हुए सभी अधिकारी कैरासोल पहुंचे। लेकिन उसके बाद अधिकारियों की गाड़ी का जाना मुश्किल था। फिर बाइक की व्यवस्था की गई। लगभग 50 बाइक पर डीसी, एसपी, डीडीसी, डीएफओ, डीएसओ, डीएसडब्यूओ, डीईओ, डीपीआरओ, एसडीपीओ, बीडीओ सहित दर्जनों अधिकारी पथरीली रास्ते से होते हुए पहाड़ पर चढ़े। ऊपर पहाड़ पर बस्ती वालों ने ढोल नगाड़े बजाते हुए पारंपरिक तरीके से पलाश का माला पहनकर डीसी समेत सभी अधिकारीयों का स्वागत किया गया। उसके बाद कैम्प लगाया गया।

पहली बार पहाड़ पर आए कोई डीसी
छोटा कैरोल के शीतल मुर्मू ने बताया कि आज़ादी के बाद पहली बार कोई डीसी उनके गांव तक पहुंचा है। पहाड़ पर लगे स्वास्थ्य कैंप में सभी बस्ती वालों का हेल्थ चेकअप किया गया। सभी का पेंशन कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड और आवास से संबधित समस्याओं का निपटारा किया गया। बस्ती का निरिक्षण के दौरान डीसी अधिकारीयों के साथ उत्क्रमित प्राथमिक विधायक बड़ा कैरलो पहुंचे। वहां बच्चों से मिलकर वह बहुत खुश दिखे। प्रशासन की टीम में मौके पर एसपी नाथू सिंह मीना, डिस्ट्रिक्ट फॉरेस्ट ऑफिसर गोड्डा मौन प्रकाश, अनुमंडल पदाधिकारी महागामा सौरभ कुमार भुवानिया, जिला नजारत उप समाहर्ता गोड्डा नागेश्वर साव, जिला आपूर्ति पदाधिकारी वासुदेव प्रसाद, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी कलानाथ, जिला शिक्षा अधीक्षक गोड्डा मिथिला टुडू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य पदाधिकारीगण मौजूद थे।

ग्रामीणों ने सड़क-स्वास्थ्य केंद्र बनाने की मांग की
बड़ा अमरपुर पंचायत के मुखिया दानियल मालतो ने स्कूल की बिल्डिंग बनवाने और कक्षा 10 तक की पढ़ाई शुरू करवाने, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी बनवाने की मांग की। सभी बस्ती वालों ने डीसी जीशान कमर के सामने यह मांग रखी की कैरासोल से बड़ा कैरलो तक सड़क बननी चाहिए। दरअसल वन विभाग की जमीन रास्ते में पड़ने के कारण सड़क बनने में परेशानी हो रही थी। इस संबंध में सभी बस्तीवालों के सामने ही डीसी ने डीएफओ से बातचीत की। उन्होंने भरोसा दिलाया की ग्रामीणों के सड़क के लिए विभाग जमीन देगा। फॉलोअप से बात करते हुए गोड्डा डीसी ने कहा कि बहुत जल्द कैरासोल से बड़ा कैरलो तक सड़क बन जाएगी साथ ही जो भी वादा ग्रामीणों से की गई है उसे पूरा किया जायेगा।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT