जमशेदपुर:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में गुरुवार को जमशेदपुर के खासमहल स्थित सदर अस्पताल परिसर में निःशुल्क कृत्रिम उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया गया। हेल्प क्रॉस सोसाइटी एवं भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगों और असहाय वृद्धों के बीच कृत्रिम अंग, व्हीलचेयर, कान की मशीन और अन्य सहायक उपकरणों का निःशुल्क वितरण किया गया।

झारखंड से शुरू हुई थी आयुष्मान भारत योजना!
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 25 वर्षों तक निर्वाचित मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में देश सेवा में समर्पित नरेंद्र मोदी ने भारत को वैश्विक मंच पर गौरवान्वित किया है। उनका मूल संकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने याद दिलाया कि झारखंड की ऐतिहासिक धरती से ही 2017 में प्रधानमंत्री ने विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना आयुष्मान भारत की शुरुआत की थी। इसके साथ ही पीएम विश्वकर्मा योजना के जरिए बढ़ई, कुम्हार और अन्य पारंपरिक कामगारों को आर्थिक संबल प्रदान किया।
रघुवर दास ने आगे कहा कि आज भारत दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर उभरा है। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के दीर्घायु व स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए राज्यवासियों से उनके स्वास्थ्य के लिए अपने घरों में आशीर्वाद स्वरूप एक दीपक जलाने की भी अपील की।
.jpeg)
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस निःशुल्क कृत्रिम उपकरण शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो मौजूद रहे। इसके अलावा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, सीजीपीसी के सरदार शैलेंद्र सिंह, संघ के कुलवंत सिंह बंटी समेत कई गणमान्य लोग एवं समाजसेवी उपस्थित थे। अतिथियों ने संस्थाओं द्वारा किये गये इस मानवीय कार्य की सराहना की।